परिवार के साथ स्वाभिमान रैली में पहुंचे जयंत चौधरी

City/ STATE'S उत्तर प्रदेश सहारनपुर

तहकीकात TODAY 

रिपोर्ट – फरहान खान/ इस्तिकार खान 

सहारनपुर। राष्ट्रीय लोकदल (RLD) की स्वाभिमान रैली में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी अपनी पत्नी चारु चौधरी और बेटी सायरा के साथ पहुंचे। जयंत चौधरी के रैली स्थल पर पहुंचते ही कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह देखने को मिला। समर्थकों ने नारे लगाकर उनका जोरदार स्वागत किया। रैली के लिए गोचर कृषि इंटर कॉलेज मैदान में विशाल पंडाल तैयार किया गया है। आयोजन स्थल पर करीब सात से आठ हजार लोगों की भीड़ मौजूद बताई जा रही है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से कार्यकर्ताओं और समर्थकों के पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है। रैली स्थल पर मंच के सामने कार्यकर्ताओं के बैठने के लिए कुर्सियों की व्यवस्था की गई है। गर्मी और तेज धूप को देखते हुए पूरे पंडाल को ढका गया है। मंच के सामने और आसपास RLD के झंडे, होर्डिंग और बैनर लगाए गए हैं। कार्यकर्ताओं के प्रवेश और बैठने के लिए अलग-अलग व्यवस्थाएं की गई हैं। रैली में बड़ी संख्या में वाहनों के पहुंचने को देखते हुए पार्किंग के लिए अलग स्थान निर्धारित किया गया है। सुरक्षा के मद्देनजर रैली स्थल पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। मंच और वीआईपी क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई है। आयोजन स्थल के आसपास भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके साथ ही रैली के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी पुलिस की ओर से विशेष इंतजाम किए गए हैं, ताकि कार्यक्रम में आने वाले लोगों और वाहनों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। जयंत चौधरी के संबोधन को लेकर RLD कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा उत्साह नजर आ रहा है। रैली में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों से लोग पहुंचे हैं। राजनीतिक तौर पर इस स्वाभिमान रैली को पश्चिमी यूपी में RLD के शक्ति प्रदर्शन और आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। रैली के जरिए पार्टी क्षेत्र में अपनी राजनीतिक पकड़ और संगठनात्मक ताकत का संदेश देने की कोशिश में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *