ट्रेनों में अकेली महिलाओं की ‘हमसफर’ बनी RPF की ‘मेरी सहेली’

City/ STATE'S आगरा उत्तर प्रदेश रेलवे

तहकीकात TODAY 

रिपोर्ट – फरहान खान/ मोहम्मद सुमेर 

आगरा। ट्रेनों में अकेले सफर करने वाली महिलाओं की सुरक्षा को लेकर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) का ‘ऑपरेशन मेरी सहेली’ लगातार मददगार साबित हो रहा है। आगरा मंडल में अप्रैल से जुलाई 2026 तक चलाए गए इस विशेष अभियान के तहत 87,366 महिला यात्रियों को सहायता एवं सुरक्षा प्रदान की गई। मंडल रेल प्रबंधक आगरा गगन गोयल के दिशा-निर्देशन और वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त श्री एस. रामकृष्णन के निर्देशन में आरपीएफ की टीमों द्वारा लंबी दूरी की ट्रेनों में यात्रा करने वाली महिला यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए अभियान चलाया जा रहा है। रेलवे प्रशासन का उद्देश्य उन महिलाओं को सुरक्षित यात्रा का माहौल उपलब्ध कराना है, जो अकेले ट्रेन से सफर कर रही हैं। ‘मेरी सहेली’ अभियान के तहत महिला यात्रियों को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो और वे सुरक्षित अपने गंतव्य तक पहुंच सकें, इसके लिए आरपीएफ की महिला कांस्टेबलों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है। इस अभियान के तहत अकेली यात्रा करने वाली महिला यात्रियों की यात्रा से जुड़ी जानकारी ट्रेन के प्रारंभिक स्टेशन से ही अगले नामित स्टेशनों पर तैनात आरपीएफ की महिला सुरक्षा टीमों को उपलब्ध कराई जाती है। जैसे ही ट्रेन निर्धारित स्टेशन पर पहुंचती है, ‘मेरी सहेली’ टीम ट्रेन में जाकर महिला यात्रियों से संपर्क करती है। टीम उनसे बातचीत कर यात्रा के दौरान होने वाली किसी भी परेशानी के बारे में जानकारी लेती है और समस्या का समाधान कराने का प्रयास करती है। महिला यात्रियों को आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षा संबंधी सहायता उपलब्ध कराने के साथ-साथ किसी भी आपात स्थिति में संबंधित सुरक्षा अधिकारियों से संपर्क करने के बारे में भी जानकारी दी जाती है। आगरा मंडल से गुजरने वाली ट्रेनों में महिला कांस्टेबलों की ड्यूटी लगाई गई है। ये महिला सुरक्षाकर्मी ट्रेनों में जाकर महिला यात्रियों से संवाद करती हैं और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार निगरानी रखती हैं।आरपीएफ की इस पहल से अकेले सफर करने वाली महिलाओं में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है और वे यात्रा के दौरान खुद को पहले से अधिक सुरक्षित महसूस कर रही हैं। जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने बताया कि ‘मेरी सहेली’ ऑपरेशन का उद्देश्य महिला यात्रियों को सुरक्षित, सहज और भरोसेमंद रेल यात्रा उपलब्ध कराना है। अभियान के तहत आरपीएफ की टीमें लगातार सक्रिय रहकर महिला यात्रियों की सहायता कर रही हैं। चार महीने में 87,366 महिलाओं तक पहुंचना इस अभियान की व्यापकता को दर्शाता है। रेलवे प्रशासन का कहना है कि महिला यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को लेकर इस तरह की पहल आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *