तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ जाहिद सलमानी
आगरा। राज्यसभा सांसद एवं BCCI के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने आगरा में NEET-NTA विवाद को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि छात्रों का आंदोलन अब पूरे देश में फैल चुका है और युवाओं में भारी आक्रोश है। राजीव शुक्ला ने कहा कि छात्रों के आंदोलन को देशभर से समर्थन मिल रहा है, लेकिन सरकार केवल संसद में बहस की बात कर रही है। उनका आरोप है कि सरकार छात्रों की मुख्य मांगों पर कोई ठोस निर्णय लेने को तैयार नहीं है।

उन्होंने शिक्षा मंत्री को हटाने की मांग का समर्थन करते हुए कहा कि केवल शिक्षा सचिव बदल देने से समस्या का समाधान नहीं होगा। शुक्ला ने नई नियुक्तियों में भी भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि इससे शिक्षा व्यवस्था पर लोगों का भरोसा कमजोर हुआ है। राज्यसभा सांसद ने देश की पूरी परीक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि लगातार सामने आ रहे विवाद गंभीर चिंता का विषय हैं। उन्होंने राम मंदिर, शिक्षा व्यवस्था और परीक्षाओं में भ्रष्टाचार के आरोपों का उल्लेख करते हुए कहा कि देश को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने का वादा किया गया था, लेकिन भ्रष्टाचार कम होने के बजाय बढ़ता दिखाई दे रहा है।राजीव शुक्ला ने कहा कि विपक्ष की स्पष्ट मांग है कि सरकार पहले जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करे और उसके बाद संसद में इस मुद्दे पर चर्चा कराए। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े इस मामले में सरकार को जल्द और ठोस कदम उठाने चाहिए।





