तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/राहुल अमीन
आगरा। फतेहपुर सीकरी थाना क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने एक ट्रक और स्विफ्ट डिजायर कार से करीब 40 किलो गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई जा रही है।प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक गांजे की खेप त्रिपुरा से जयपुर ले जाई जा रही थी। फतेहपुर सीकरी में मंडी समिति के सामने ट्रक से गांजे को स्विफ्ट डिजायर कार में शिफ्ट किया जा रहा था। इसी दौरान एएनटीएफ टीम ने छापेमारी कर दी। एएनटीएफ को मादक पदार्थों की तस्करी की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने फतेहपुर सीकरी क्षेत्र में निगरानी शुरू की। इसी दौरान मंडी समिति के सामने एक ट्रक और स्विफ्ट डिजायर कार की संदिग्ध गतिविधियां नजर आईं। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर छापा मारा। तलाशी के दौरान दोनों वाहनों से करीब 40 किलो गांजा बरामद हुआ। कार्रवाई के दौरान तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे ट्रक और स्विफ्ट डिजायर कार को भी कब्जे में ले लिया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस और एएनटीएफ की टीम ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि दो आरोपी मौके का फायदा उठाकर फरार होने में कामयाब बताए जा रहे हैं। फरार आरोपियों की तलाश में टीम जुटी हुई है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर एएनटीएफ यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की इतनी बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और इसे जयपुर में किस व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था। ANTF एएनटीएफ अब गांजा तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही है। टीम यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और त्रिपुरा से जयपुर तक मादक पदार्थों की खेप पहुंचाने में किन लोगों की भूमिका रही है। करीब 30 लाख रुपये कीमत के 40 किलो गांजे की बरामदगी और चार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद तस्करी नेटवर्क में हड़कंप मचा हुआ है। जांच आगे बढ़ने के साथ इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के नाम सामने आने की संभावना है।





