तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ अरुण अग्रवाल
आगरा। खैरागढ़ थाना क्षेत्र के लालपुर गांव में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब 13 वर्षीय बच्ची अचानक तालाब में जा गिरी। बताया जा रहा है कि बच्ची तालाब के पास किसी काम से गई थी। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चली गई। बच्ची के तालाब में गिरने की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया और उसे बचाने की कोशिश शुरू कर दी। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों तथा गोताखोरों की मदद से तालाब में बच्ची की तलाश शुरू कराई। स्थानीय ग्रामीणों और गोताखोरों ने कई घंटे तक तालाब में बच्ची की तलाश की। कड़ी मशक्कत के बाद बच्ची को तालाब से बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद पुलिस ने बिना देर किए बच्ची को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खैरागढ़ पहुंचाया।

अस्पताल में चिकित्सकों ने बच्ची का उपचार शुरू किया। बच्ची की हालत को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए आगे रेफर किए जाने की सूचना है। हादसे की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण तालाब के आसपास पहुंच गए। काफी देर तक मौके पर लोगों की भीड़ जमा रही, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है। घटना के बाद गांव में भी चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों ने तालाब के आसपास सुरक्षा के इंतजाम किए जाने की जरूरत बताई है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।





