तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ मोनिस उद्दीन
आगरा। थाना हरिपर्वत क्षेत्र स्थित कपड़ा मार्केट ब्लॉक नंबर-2 में रविवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। तीसरी मंजिल से गिरने के कारण एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की अभी तक शिनाख्त नहीं हो सकी है।

घटना की सूचना मिलते ही हरिपर्वत थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर मृतक की पहचान कराने और घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शाम होते ही कपड़ा मार्केट की तीसरी मंजिल पर शराब पीने वालों का जमावड़ा लग जाता है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि युवक के गिरने के पीछे कोई हादसा या अन्य कारण हो सकता है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मृतक की पहचान कराने के प्रयास भी लगातार जारी हैं।





