बिहारी कन्या मध्य विद्यालय में मनाया गया ‘वृक्षाबंधन’, पेड़ों को राखी बांधकर लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प

City/ STATE'S उत्तर प्रदेश भागलपुर

तहकीकात TODAY

रिपोर्ट – फरहान खान/ मोहम्मद जहांगीर

भागलपुर। भाई-बहन के अटूट प्रेम के प्रतीक रक्षाबंधन के पावन पर्व पर बिहारी कन्या मध्य विद्यालय, मिरजानहाट में अनूठे अंदाज में ‘वृक्षाबंधन’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका सुमन कुमारी के नेतृत्व में विद्यालय परिवार ने परिसर में लगे पेड़-पौधों को रक्षासूत्र बांधकर प्रकृति की रक्षा का संदेश दिया। कार्यक्रम में प्रधानाध्यापिका सुमन कुमारी, वरीय शिक्षक आशीष कुमार, टुन्नी कुमारी, पिंकी कुमारी, चिरंजीवी राज, अर्पिता राज, नौशाद जी सहित छात्राओं मधुरानी, राखी, सिमरन, जानवी आदि ने पेड़-पौधों को रक्षासूत्र बांधा। इस दौरान विद्यार्थियों ने वृक्षों की रक्षा और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। प्रधानाध्यापिका सुमन कुमारी ने कहा कि जिस प्रकार बहन अपने भाई की कलाई पर राखी बांधकर उसकी रक्षा का संकल्प लेती है, उसी भावना के साथ पेड़-पौधों की रक्षा करना भी हमारा दायित्व है। उन्होंने कहा, “एक रक्षासूत्र पेड़ के नाम, एक संकल्प वृक्षों की रक्षा के नाम और एक कदम प्रकृति के संरक्षण के नाम।” उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल, सुरक्षा और उन्हें बड़ा करने की जिम्मेदारी भी समाज को निभानी होगी। पेड़-पौधे हमें जीवनदायिनी प्राणवायु देने के साथ पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रधानाध्यापिका ने विद्यालय परिवार के साथ-साथ समाज के लोगों से भी इस हरित पहल से जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर अधिक से अधिक लोग पेड़ों को रक्षासूत्र बांधकर ‘वृक्षाबंधन’ मनाएं और पर्यावरण की रक्षा का संकल्प लें। विद्यालय परिवार की ओर से आयोजित यह पहल पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने वाला सार्थक और प्रेरणादायक कदम साबित हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *