आगरा में कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुई यूपी-टीईटी परीक्षा, 26 केंद्रों पर 50,512 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा

EDUCATION आगरा उत्तर प्रदेश निरीक्षण पुलिस प्रशासन शाशन / प्रशासन

तहकीकात TODAY 

रिपोर्ट – फरहान खान/ज़ाहिद सलमानी 

आगरा। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज द्वारा आयोजित उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपी-टीईटी) गुरुवार से आगरा में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गई। जनपद के 26 परीक्षा केंद्रों पर तीन दिनों तक चलने वाली इस परीक्षा में कुल 50,512 अभ्यर्थी शामिल होंगे। पहले दिन प्रशासन ने सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए निष्पक्ष एवं नकलविहीन परीक्षा कराने के निर्देश दिए।

यूपी-टीईटी परीक्षा 2, 3 और 4 जुलाई को कुल 5 पालियों में आयोजित की जा रही है। पहले दिन दोनों पालियों में 9,178-9,178 अभ्यर्थियों को परीक्षा देनी थी। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से 12:00 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक आयोजित हुई।

प्रशासन ने परीक्षा को पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। सभी 26 परीक्षा केंद्रों पर सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं, जबकि अतिरिक्त अधिकारियों को भी रिजर्व रखा गया है। शासन की ओर से नियुक्त परीक्षा पर्यवेक्षक की निगरानी में पूरी परीक्षा कराई जा रही है। आगरा कॉलेज, सेंट जॉन्स कॉलेज, जीआईसी, नगर निगम इंटर कॉलेज, महर्षि परशुराम इंटर कॉलेज, साकेत विद्यापीठ इंटर कॉलेज, राम स्वरूप सिंघल गर्ल्स इंटर कॉलेज, केदारनाथ सेकसरिया इंटर कॉलेज और आरबीएस इंटर कॉलेज समेत कुल 26 संस्थानों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन चेकिंग की गई। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, पेयजल, छाया और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की गई। अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। पहले दिन की परीक्षा में प्रथम पाली में 1,416 और द्वितीय पाली में 1,445 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। प्रशासन का कहना है कि परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराई जा रही है तथा परीक्षा की शुचिता भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *