बारिश ने खोली नगर निगम की व्यवस्थाओं की पोल, घरों में घुसा पानी, लाखों का नुकसान

City/ STATE'S Cover Story Exclusive आगरा जिलाधिकारी नगर निगम स्थानीय समाचार

तहकीकात TODAY 

रिपोर्ट — जाहिद सलमानी / मोनिस उद्दीन 

आगरा। शहर में हुई बारिश ने नगर निगम की व्यवस्थाओं की पोल खोलकर रख दी है। राजपुर चुंगी स्थित महादेव नगर में जलभराव की गंभीर समस्या के चलते कई घरों में बारिश और नालियों का पानी घुस गया, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। जलभराव के कारण लोगों के घरों में रखा सामान खराब हो गया और लाखों रुपये के नुकसान की बात सामने आ रही है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि क्षेत्र की गलियों को ऊंचा कर दिया गया है, जबकि घरों का स्तर पहले जैसा ही है। इसके चलते बारिश का पानी सीधे घरों में भर जाता है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में नियमित रूप से सफाई नहीं होती और नालियां भी समय पर साफ नहीं कराई जातीं, जिसके कारण हल्की बारिश में भी जलभराव की स्थिति बन जाती है।

निवासियों के अनुसार नालियों का गंदा पानी घरों में भरने से लोगों को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का भी खतरा पैदा हो गया है। कई परिवारों को घंटों तक पानी निकालने में मशक्कत करनी पड़ी। क्षेत्रवासियों ने नगर निगम पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। लगातार हो रही अनदेखी से महादेव नगर सहित आसपास के मोहल्लों के लोगों में भारी आक्रोश है।

स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही जलनिकासी और सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो वे नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से तत्काल निरीक्षण कर समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।

जनता की मांग:

“महादेव नगर में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए, नालियों की नियमित सफाई हो और प्रभावित परिवारों को हुए नुकसान का आकलन कर राहत प्रदान की जाए।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *