तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ जाहिद सलमानी
आगरा। थाना ट्रांस यमुना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय गैंग के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 415 पेटी पंजाब मार्का अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 45 लाख रुपये बताई गई है। शराब को ट्रक में धान की भूसी के बोरों के नीचे छिपाकर बिहार ले जाया जा रहा था

10 अगस्त 2026 को थाना ट्रांस यमुना पुलिस क्षेत्र में चेकिंग और गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक ट्रक में पंजाब मार्का अवैध शराब लदी हुई है और उसे बिहार में सप्लाई के लिए ले जाया जाना है। ट्रक झरना नाले के पास फिरोजाबाद की ओर जाने वाले हाईवे पर सड़क किनारे खड़ा बताया गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने उच्चाधिकारियों को अवगत कराया और बताए गए स्थान पर पहुंचकर ट्रक को घेर लिया। मौके से दो आरोपियों डालूराम और नानगाराम को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने ट्रक की तलाशी ली तो उसमें धान की भूसी के बोरों के नीचे छिपाकर रखी गई 415 पेटी अवैध पंजाब मार्का अंग्रेजी शराब बरामद हुई। इसके अलावा आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त ट्रक, दो मोबाइल फोन और 4,580 रुपये नकद बरामद किए गए। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 45 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि बरामद शराब उनके मालिक विजय निवासी बहादुरगढ़, हरियाणा की है। आरोपियों के अनुसार, विजय का मैनेजर दीपक उर्फ दीपाराम पंजाब से सस्ते दामों में शराब खरीदकर बिहार भेजता था और वहां ऊंचे दामों पर बेचकर मुनाफा कमाता था। आरोपी डालूराम ने पुलिस को बताया कि वह करीब छह वर्षों से दीपक के यहां ट्रक चालक के रूप में काम कर रहा है, जबकि नानगाराम उसका हेल्पर है। दोनों को शराब से भरा ट्रक सहानपुर में मैनेजर दीपक ने दिया था। दोनों आरोपी व्हाट्सऐप के जरिए दीपक के संपर्क में थे। उन्हें बिहार पहुंचने के बाद ही शराब की डिलीवरी का स्थान बताया जाना था। पुलिस के मुताबिक, इस काम के लिए मैनेजर दीपक द्वारा डालूराम को 50 हजार रुपये और नानगाराम को 20 हजार रुपये प्रति चक्कर दिए जाने की बात भी सामने आई है।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान डालूराम पुत्र गुणेशाराम, निवासी ग्राम सैलउ, जाटों की बस्ती, थाना रामसर, जनपद बाड़मेर, राजस्थान तथा नानगाराम पुत्र स्वर्गीय हरजी राम, निवासी ग्राम पोशाल बिजराड़, थाना बिजराड़, जनपद बाड़मेर, राजस्थान के रूप में की है। वहीं पुलिस ने मामले में विजय निवासी बहादुरगढ़, जनपद झज्जर, हरियाणा और दीपक उर्फ दीपाराम को वांछित किया है। पुलिस अब शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है।





