तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ मोनिस उद्दीन
आगरा। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में समाजवादी पार्टी महानगर आगरा के अध्यक्ष शब्बीर अब्बास के नेतृत्व में छावनी विधानसभा की संगठनात्मक बैठक ताजगंज स्थित समाजवादी पार्टी जिला कार्यालय पर आयोजित की गई। बैठक में संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने को लेकर विस्तार से रणनीति तैयार की गई। बैठक में छावनी विधानसभा के प्रत्येक बूथ को प्रभावी बनाने, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने और पार्टी की नीतियों को आम जनता तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया। पदाधिकारियों ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठनात्मक तैयारियों की समीक्षा भी की।

समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल द्वारा छावनी विधानसभा संगठन को मजबूत करने के लिए नियुक्त किए गए पांच प्रभारियों को बैठक में अलग-अलग जोन की जिम्मेदारी सौंपी गई। प्रभारियों से बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित कर संगठन को मजबूत करने और लगातार सक्रिय रहने की अपेक्षा की गई।बैठक में पार्टी की नीतियों तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के कार्यों और संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया। साथ ही बूथ स्तर पर संगठन को प्रभावी बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी के साथ जुटने की बात कही गई। बैठक में पदाधिकारियों ने कहा कि मजबूत संगठन ही चुनावी सफलता का आधार है। इसलिए बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रिय टीम तैयार कर जनता से सीधा संवाद स्थापित किया जाएगा। पार्टी की नीतियों और जनहित के मुद्दों को लेकर लोगों के बीच पहुंच बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। इस अवसर पर छावनी विधानसभा प्रभारी राजपाल यादव, कादिर कुरैशी, बलविंदर सिंह जाटव, छावनी विधानसभा अध्यक्ष अमीर सिंह फौजदार, डॉ. नरेंद्र धाकड़, ओम पंडित, जगबीर सिंह इंदौलिया, मुबीन उस्मानी, जमील खान, देवेंद्र सिंह राठौड़, नसीम खातून, आजाद सिंह वाल्मीकि, संजय सिंह माहौर, आमिर कुरैशी, राजीव सविता सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।





