बटेश्वर नाथ धाम में तेज़ी से बढ़ रहा पर्यटन विकास, मण्डलायुक्त ने किया निरीक्षण, गुणवत्ता सुधार के सख्त निर्देश

City/ STATE'S आगरा उत्तर प्रदेश शाशन / प्रशासन स्थानीय समाचार

तहकीकात TODAY 

रिपोर्ट — मोहम्मद सुमेर / जाहिद सलमानी 

आगरा । धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्व से समृद्ध बटेश्वर नाथ धाम में चल रहे पर्यटन विकास कार्यों ने अब गति पकड़ ली है। बुधवार को मण्डलायुक्त श्री नगेंद्र प्रताप ने स्थल का विस्तृत निरीक्षण कर प्रगति का जायज़ा लिया और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर कड़े निर्देश जारी किए। निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय पर्यटक अधिकारी ने जानकारी दी कि बटेश्वर मंदिर कॉम्प्लेक्स, प्राचीन पवित्र कुंड और ऐतिहासिक मंदिरों के हेरिटेज संरक्षण का कार्य तेजी से किया जा रहा है। इसके साथ ही टूरिस्ट इंटरप्रिटेशन सेंटर प्रोजेक्ट के तहत पर्यटक सुविधा केंद्र, लाइट एंड साउंड शो, म्यूरल वॉल और पब्लिक कन्वीनेंस ब्लॉक जैसे आधुनिक विकास कार्य भी प्रगतिमान हैं। मण्डलायुक्त ने सबसे पहले मंदिर कॉम्प्लेक्स का निरीक्षण किया, जहां निर्माणाधीन भव्य प्रवेश द्वार, यज्ञशाला, मल्टीपरपज हॉल और कोबल स्टोन पाथवे जैसे कार्य लगभग 90 प्रतिशत पूर्ण हो चुके हैं। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्यों में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए। साथ ही नदी किनारे बने घाटों और प्राचीन मंदिरों में चल रहे हेरिटेज संरक्षण कार्यों की समीक्षा करते हुए आसपास के जर्जर भवनों और दीवारों के जीर्णोद्धार के निर्देश भी दिए। इसके बाद मण्डलायुक्त ने टूरिस्ट इंटरप्रिटेशन सेंटर परियोजना का निरीक्षण किया, जहां कुछ स्थानों पर निर्माण की गुणवत्ता खराब पाई गई। इस पर उन्होंने नाराज़गी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को सख्त चेतावनी दी और मानकों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने को कहा। पर्यटकों और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उन्होंने पार्किंग व्यवस्था विकसित करने और घाटों पर शेड लगाने के निर्देश भी दिए। अधिकारियों ने बताया कि इस परियोजना के तहत अतिरिक्त 300 मीटर घाट निर्माण को स्वीकृति मिल चुकी है, जो मुख्य मंदिर के घाट से जुड़कर श्रद्धालुओं को सीधे टूरिस्ट इंटरप्रिटेशन सेंटर तक पहुंचने की सुविधा प्रदान करेगा। बटेश्वर नाथ धाम में चल रहे इन विकास कार्यों से क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को नई पहचान मिलने की उम्मीद है, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *