आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा होगी और मजबूत 600 मीटर लंबी स्क्रीन फेंसिंग का 80% कार्य पूरा

City/ STATE'S आगरा उत्तर प्रदेश रेलवे

तहकीकात TODAY 

रिपोर्ट – फरहान खान/ जाहिद सलमानी 

आगरा। यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आगरा मंडल रेलवे प्रशासन आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर लगभग 600 मीटर लंबी स्क्रीन फेंसिंग का कार्य तेजी से करा रहा है। इस परियोजना का उद्देश्य रेलवे ट्रैक पर अनधिकृत आवाजाही और लाइन क्रॉसिंग की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाकर दुर्घटनाओं की संभावना को कम करना है। रेलवे प्रशासन के अनुसार आगरा कैंट स्टेशन पर अप एवं डाउन मेन लाइन के मध्य स्क्रीन फेंसिंग स्थापित की जा रही है। इस महत्वपूर्ण सुरक्षा परियोजना का करीब 80 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है, जबकि शेष कार्य भी निर्धारित समय-सीमा में पूरा कर लिया जाएगा।

स्क्रीन फेंसिंग स्थापित होने के बाद यात्रियों और आमजन द्वारा रेलवे ट्रैक को अनधिकृत रूप से पार करने की प्रवृत्ति पर प्रभावी अंकुश लगेगा। इसके साथ ही यात्रियों को फुटओवर ब्रिज (FOB), सबवे और अन्य अधिकृत मार्गों का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा, जिससे स्टेशन परिसर में सुरक्षित और सुव्यवस्थित आवागमन सुनिश्चित होगा। आगरा रेल मंडल यात्रियों की सुरक्षा और संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए रेलवे परिसरों में आवश्यक आधारभूत संरचना के विकास पर लगातार कार्य कर रहा है। इसी क्रम में स्क्रीन फेंसिंग जैसी सुरक्षा परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है। रेल प्रशासन ने यात्रियों और आमजन से अपील की है कि वे अपनी सुरक्षा के लिए रेलवे ट्रैक को अनधिकृत रूप से पार न करें तथा केवल फुटओवर ब्रिज, सबवे या अन्य निर्धारित एवं अधिकृत मार्गों का ही उपयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *