तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ अरुण अग्रवाल
आगरा। पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार के निर्देशन में 16 अगस्त 2026 को पुलिस लाइन्स स्थित पुलिस मॉडर्न स्कूल में हरियाली तीज पर्व हर्षोल्लास और उमंग के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं वामा सारथी, पुलिस कमिश्नरेट आगरा की अध्यक्षा मोनी शांडिल्य ने दीप प्रज्वलित कर किया।

हरियाली तीज के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में महिला पुलिसकर्मियों, पुलिस मॉडर्न स्कूल के बच्चों और उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन के दौरान झूला झूलना, मेहंदी प्रतियोगिता, गीत-संगीत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, मिस तीज प्रतियोगिता और पारंपरिक खेलों सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।

कार्यक्रम स्थल पर हरियाली तीज की पारंपरिक छटा देखने को मिली। महिलाओं ने मेहंदी प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जबकि गीत-संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। झूला झूलने और पारंपरिक खेलों में भी प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को वामा सारथी की अध्यक्षा मोनी शांडिल्य ने उपहार एवं प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया। सम्मान मिलने पर प्रतिभागियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। कार्यक्रम में फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन (वामा सारथी) की सदस्या हर्षिता, सामिया अहमद, ज्योति चौधरी, नेहा, अनीता सहित प्रभारी निरीक्षक वामा सारथी फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन हेमलता मौजूद रहीं। इसके अलावा पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और पुलिस परिवार के सदस्य भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

आयोजन ने पुलिस परिवार के सदस्यों को एक साथ मिलकर पर्व मनाने और भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ने का अवसर प्रदान किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह और उमंग का माहौल बना रहा। महिलाओं और बच्चों की भागीदारी ने हरियाली तीज समारोह को खास और यादगार बना दिया।





