‘ऑपरेशन टूरिस्ट डिलाइट’ के तहत दिया सुरक्षा और आतिथ्य का संदेश
तहकीकात TODAY
रिपोर्ट — फरहान खान / मोनिस उद्दीन
आगरा, 01 जुलाई 2026। विश्व धरोहर ताजमहल का दीदार करने आने वाले विदेशी पर्यटकों को अब केवल सुरक्षा ही नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, आत्मीयता और अतिथि सत्कार का भी अनूठा अनुभव मिल रहा है। आगरा पुलिस की ताज सुरक्षा इकाई लगातार ऐसे प्रयास कर रही है, जिससे देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के मन में भारत की सकारात्मक और स्वागतपूर्ण छवि बने। पुलिस कमिश्नर आगरा के निर्देशन में थाना ताज सुरक्षा की क्विक रिस्पांस टीम ने “ऑपरेशन टूरिस्ट डिलाइट” के तहत ताजमहल के पश्चिमी प्रवेश द्वार पर विदेशी पर्यटकों का भारतीय परंपरा “अतिथि देवो भवः” और “वसुधैव कुटुम्बकम्” की भावना के साथ स्वागत किया।

इस दौरान ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, फ्रांस सहित कई देशों से ताजमहल घूमने आए पर्यटकों के समूह का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। पुलिसकर्मियों ने पर्यटकों की हरसंभव सहायता की, उन्हें आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई और मित्रवत व्यवहार के साथ उनकी यात्रा को सहज, सुरक्षित और यादगार बनाने का प्रयास किया। विदेशी पर्यटकों ने आगरा पुलिस के इस व्यवहार और सहयोग की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सुरक्षा के साथ मिला सम्मान और आत्मीयता उनकी ताजमहल यात्रा को हमेशा यादगार बनाए रखेगी।

इस विशेष अभियान में उप निरीक्षक पंकज सिंह पटेल, आरक्षी आशु एवं महिला आरक्षी सुलेखा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। ताज सुरक्षा पुलिस का यह प्रयास न केवल पर्यटकों का विश्वास मजबूत कर रहा है, बल्कि आगरा की पर्यटन छवि को भी नई पहचान दे रहा है।





