तहकीकात TODAY
रिपोर्ट — फरहान खान / राजकुमार मीना
आगरा। उत्तर मध्य रेलवे के आगरा मंडल ने सितंबर 2026 में यात्री परिवहन और वाणिज्यिक आय के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रदर्शन दर्ज किया है। मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल के दिशा-निर्देश एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अंकित गुप्ता के नेतृत्व में यात्री संख्या, यात्री आय, टिकट जांच, खानपान और अन्य वाणिज्यिक गतिविधियों से होने वाली आय में पिछले वर्ष की तुलना में वृद्धि दर्ज की गई है।

सितंबर 2026 में आगरा मंडल से करीब 35 लाख यात्रियों ने रेल यात्रा की, जबकि सितंबर 2025 में यह संख्या 25.70 लाख थी। इस तरह यात्री संख्या में करीब 36 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। निर्धारित 28.19 लाख यात्रियों के लक्ष्य के मुकाबले भी मंडल ने करीब 24 प्रतिशत अधिक उपलब्धि हासिल की। यात्री आय के मोर्चे पर भी मंडल ने बेहतर प्रदर्शन किया। सितंबर 2025 में जहां यात्री आय 51.97 करोड़ रुपये थी, वहीं सितंबर 2026 में यह बढ़कर 68 करोड़ रुपये पहुंच गई। यानी यात्री आय में 30.8 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज हुई। निर्धारित 60.90 करोड़ रुपये के लक्ष्य के मुकाबले भी 11.7 प्रतिशत अधिक आय अर्जित की गई। अन्य कोचिंग आय में भी वृद्धि देखने को मिली। सितंबर 2025 के 3.30 करोड़ रुपये के मुकाबले सितंबर 2026 में 4.16 करोड़ रुपये की आय प्राप्त हुई, जो करीब 26 प्रतिशत अधिक है। इसी तरह संड्री आय 1.47 करोड़ रुपये से बढ़कर 1.90 करोड़ रुपये पहुंच गई, जिसमें करीब 29 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।

माल परिवहन से भी मंडल को सितंबर 2026 में 43.50 करोड़ रुपये की आय हुई। निर्धारित 42.75 करोड़ रुपये के लक्ष्य की तुलना में यह करीब 1.75 प्रतिशत अधिक है। आगरा मंडल के प्रदर्शन में टिकट जांच से प्राप्त आय में हुई बढ़ोतरी भी खास रही। सितंबर 2025 में टिकट जांच से 1.54 करोड़ रुपये की आय हुई थी, जो सितंबर 2026 में बढ़कर 2.24 करोड़ रुपये हो गई। इस क्षेत्र में 45.45 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई। वहीं वाणिज्यिक प्रचार आय में सितंबर 2025 के 14 लाख रुपये के मुकाबले सितंबर 2026 में 28 लाख रुपये की आय अर्जित हुई, जो 100 प्रतिशत की वृद्धि है। खानपान आय भी 60 लाख रुपये से बढ़कर 90 लाख रुपये पहुंच गई, जिसमें करीब 49 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। मंडल के जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने बताया कि आगरा मंडल यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और गुणवत्तापूर्ण रेल सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। स्टेशन सुविधाओं के उन्नयन, बेहतर यात्री प्रबंधन और ग्राहक-केंद्रित पहलों के परिणामस्वरूप विभिन्न क्षेत्रों में सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। रेल प्रशासन के अनुसार आगरा मंडल आने वाले समय में भी यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने, वाणिज्यिक गतिविधियों को मजबूत करने और रेल यात्रियों की यात्रा को अधिक सुगम एवं सुविधाजनक बनाने की दिशा में लगातार काम करता रहेगा।





