तहकीकात TODAY
रिपोर्ट — फरहान खान / अजेंद्र सिंह चौहान
आगरा। भारतीय रेलवे के राष्ट्रव्यापी ‘स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026’ के तहत आगरा मंडल में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक विभिन्न स्वच्छता एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। अभियान का उद्देश्य स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी बढ़ाने के साथ रेलवे परिसरों को स्वच्छ, सुंदर और हरित बनाए रखने के लिए लोगों को जागरूक करना रहा।

गांधी जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को मंडल कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक आगरा श्री गगन गोयल ने अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। इस दौरान रेलकर्मियों ने अपने कार्यस्थल और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने तथा स्वच्छता के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का संकल्प लिया। आगरा मंडल के विभिन्न स्टेशनों, डिपो और कार्यालयों में भी स्वच्छता शपथ कार्यक्रम आयोजित किए गए।

कार्यक्रम के दौरान मंडल कार्यालय परिसर में सांस्कृतिक अकादमी की ओर से स्वच्छता विषयक नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। कलाकारों ने नाटक के माध्यम से कचरा प्रबंधन, सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता और साफ-सफाई के प्रति लोगों को जागरूक किया।

इसी क्रम में उत्तर मध्य रेलवे भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, आगरा मंडल की ओर से स्वच्छता जागरूकता रैली निकाली गई। मंडल रेल प्रबंधक श्री गगन गोयल ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय से शुरू होकर आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पहुंचकर संपन्न हुई। रैली में स्काउट्स एवं गाइड्स के साथ रेलवे के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी भाग लिया। प्रतिभागियों ने लोगों से सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न फैलाने और रेलवे परिसरों को स्वच्छ रखने की अपील की।

वहीं साउथ रेलवे कॉलोनी स्थित कम्युनिटी सेंटर में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। मंडल रेल प्रबंधक सहित अधिकारियों और कर्मचारियों ने पौधे लगाए। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण और हरित रेलवे परिसर के निर्माण का संदेश दिया गया। अधिकारियों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल पर भी जोर दिया।

स्वच्छता ही सेवा अभियान के दौरान आगरा मंडल के विभिन्न डिपो एवं कार्यालयों में भी स्वच्छता शपथ, वृक्षारोपण और जनजागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए। रेलकर्मियों ने स्वच्छता को अपनी दैनिक कार्यप्रणाली का हिस्सा बनाने और रेलवे परिसरों को स्वच्छ एवं हरा-भरा रखने का संकल्प लिया।

अभियान के समापन अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल ने मीडिया प्रतिनिधियों के साथ प्रेस ब्रीफिंग भी की। उन्होंने अभियान के दौरान आगरा मंडल में आयोजित विभिन्न गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी साझा की। कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक आगरा गिरीश कुमार गुप्ता सहित मंडल के विभिन्न विभागों के शाखा अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।





