तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – मोनिस उद्दीन/ मोहम्मद सुमेर
आगरा। आगरा के थाना हरिपर्वत क्षेत्र स्थित विजयनगर के पॉश अनुपम रॉयल अपार्टमेंट में हुई करीब 80 लाख रुपये की ज्वेलरी चोरी का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। इस हाई-प्रोफाइल चोरी की वारदात में पुलिस ने चार महिलाओं को गिरफ्तार किया है। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि घर में काम करने वाली महिला ने ही अपनी मां, बहन और भाभी के साथ मिलकर पूरी साजिश रची और चोरी को अंजाम दिया।

हरिपर्वत पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी महिला ने घर में काम करने के दौरान परिवार की दिनचर्या, सुरक्षा व्यवस्था और कीमती जेवरों की पूरी जानकारी जुटाई थी। इसके बाद उसने अपने परिवार की तीन अन्य महिलाओं के साथ मिलकर सुनियोजित तरीके से चोरी की वारदात को अंजाम दिया। गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में चारों महिलाओं ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने करीब 80 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण बरामद कर लिए। बरामदगी के बाद पुलिस ने पूरे मामले का सफल खुलासा करते हुए बताया कि चोरी पूरी योजना के तहत की गई थी।

पुलिस ने चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि इस वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं थी और चोरी के नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।एसीपी हरिपर्वत अमीषा ने बताया कि मामले का सफल खुलासा करते हुए चार महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।





