तहकीकात TODAY
रिपोर्ट — फरहान खान
आगरा। भारतीय संविधान के निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर को समर्पित “संविधान बचाओ” साइकिल-मोटरसाइकिल यात्रा ने आगरा में जनआंदोलन का रूप ले लिया। समाजवादी पार्टी के महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास के नेतृत्व में निकली इस विशाल रैली में हजारों कार्यकर्ता साइकिल और मोटरसाइकिल पर सवार होकर सड़कों पर उतरे। पूरे शहर में “बाबा साहेब अमर रहें” और “समाजवादी पार्टी जिंदाबाद” के नारों से माहौल गूंज उठा।

रैली का शुभारंभ प्रतापपुरा चौराहे से हुआ, जहां समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रतापपुरा चौराहे पर स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद यात्रा विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए आगे बढ़ी और स्वतंत्रता सेनानी अशफाक उल्ला खान की स्मृति को नमन करते हुए पुष्पांजलि अर्पित की गई।

कार्यक्रम के दौरान महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास और जिला अध्यक्ष ऊदल सिंह कुशवाह ने बाबासाहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर संविधान की रक्षा का संकल्प दोहराया। नेताओं ने अपने संबोधन में कहा कि पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की एकता ही वर्ष 2027 में प्रदेश की सत्ता परिवर्तन का मार्ग प्रशस्त करेगी और अखिलेश यादव को पुनः मुख्यमंत्री बनाने का लक्ष्य पूरा करेगी।

रैली में पूर्व मंत्री दयाराम प्रजापति, पूर्व जिलाध्यक्ष राम सहाय यादव, राहुल चतुर्वेदी, श्याम भोजवानी, विनय अग्रवाल, कादिर कुरेशी, सचिन चतुर्वेदी, पुष्पेंद्र शर्मा, रवि मेहरा, मधुकर अरोड़ा, राहुल चौधरी, विजेंद्र प्रजापति, देवेंद्र राठौर, रामनरेश यादव, चौधरी फरहान, ठाकुर विजय, जमील खान, एडवोकेट नरेंद्र सिंह नंद, नीरज कांत, नीतू यादव, शैलू यादव, मुन्ना खान अल्वी, इमरान कुरेशी, जीशान अहमद, प्रियंका चौहान, सुलेखा श्रीवास्तव, पूनम वाल्मीकि, मीना वर्मा, अफरोज सैफी सहित सैकड़ों पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

पूरे आयोजन के दौरान प्रशासनिक व्यवस्थाएं भी चुस्त-दुरुस्त रहीं और रैली शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। इस यात्रा को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला, जिससे यह साफ संकेत मिला कि संविधान और सामाजिक न्याय के मुद्दे पर पार्टी कार्यकर्ता पूरी तरह सक्रिय हैं।





