मुंडिया पूर्णिमा गोवर्धन मेले के लिए रेलवे अलर्ट 350 आरपीएफ और 450 जीआरपी जवान तैनात

City/ STATE'S आगरा आरपीएफ उत्तर प्रदेश जीआरपी रेलवे

तहकीकात TODAY 

रिपोर्ट – फरहान खान/ मोहम्मद सुमेर 

आगरा। मुंडिया पूर्णिमा गोवर्धन मेले के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षित एवं सुगम रेल यात्रा सुनिश्चित करने के लिए आगरा रेल मंडल ने व्यापक सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था की है। मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल के निर्देशन में मथुरा एवं गोवर्धन रेलवे स्टेशनों पर विशेष सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। मेले के दौरान ट्रेनों का सुरक्षित और निर्बाध संचालन सुनिश्चित करने के लिए विशेष मेला कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जहां से अधिकारी चौबीसों घंटे सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखेंगे और आवश्यकता पड़ने पर त्वरित निर्णय लेंगे। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए इस वर्ष रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के 350 जवान तैनात किए गए हैं, जिनमें 230 जवान अन्य मंडलों से बुलाए गए हैं। इसके अलावा लगभग 450 जीआरपी कर्मी भी स्टेशन परिसर, प्लेटफार्म, प्रवेश एवं निकास द्वारों तथा ट्रेनों में लगातार गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए 280 मौजूदा सीसीटीवी कैमरों के साथ 20 अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। मथुरा जंक्शन के फर्स्ट एंट्री और थर्ड एंट्री स्थित होल्डिंग एरिया में अतिरिक्त कैमरे स्थापित किए गए हैं, जबकि गोवर्धन रेलवे स्टेशन पर भी अतिरिक्त सीसीटीवी लगाए जा रहे हैं। इन सभी कैमरों की निगरानी कंट्रोल रूम से लगातार की जाएगी। रेलवे प्रशासन के अनुसार मेले के दौरान आरपीएफ और जीआरपी के जवान ट्रेनों, प्लेटफार्मों और स्टेशन परिसर के संवेदनशील क्षेत्रों में पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात रहेंगे, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुविधाजनक रेल यात्रा का अनुभव मिल सके। रेलवे ने यात्रियों से भी अपील की है कि वे यात्रा के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत रेलवे अधिकारियों या सुरक्षा बलों को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *