तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ मोनिस उद्दीन
आगरा। गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित मातृत्व सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए जनपद में गुरुवार को 47 स्वास्थ्य इकाइयों पर प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (PMSMA) दिवस आयोजित किया जाएगा। इस दौरान गर्भवती महिलाओं की निशुल्क प्रसवपूर्व जांच, आवश्यक परीक्षण और विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा परामर्श दिया जाएगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि 1 अप्रैल से 1 जुलाई 2026 के बीच पीएमएसएमए दिवस पर 25,318 गर्भवतियों की प्रसवपूर्व जांच की जा चुकी है। अभियान के तहत गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण, हीमोग्लोबिन, ब्लड प्रेशर, शुगर, यूरिन, ब्लड ग्रुप, सीबीसी, एचआईवी, टीबी, हेपेटाइटिस-बी, अल्ट्रासाउंड सहित विभिन्न आवश्यक जांचें निशुल्क कराई जाती हैं। डिप्टी सीएमओ (आरसीएच) डॉ. सुरेंद्र मोहन प्रजापति ने बताया कि इसी अवधि में 3,128 हाई-रिस्क गर्भवतियों की पहचान कर उन्हें समय पर उच्च चिकित्सा संस्थानों में रेफर किया गया। वहीं वित्तीय वर्ष 2025-26 में 1,29,478 गर्भवतियों की जांच की गई थी, जिनमें 14,944 हाई-रिस्क गर्भवतियां चिन्हित हुई थीं।

जिला मातृ स्वास्थ्य परामर्शदाता संगीता भारती ने बताया कि जिला महिला अस्पताल (लेडी लॉयल) और एसएन मेडिकल कॉलेज में गर्भवतियों के लिए अल्ट्रासाउंड की सुविधा उपलब्ध है। 1 अप्रैल से 1 जुलाई 2026 तक 4,661 गर्भवतियों का अल्ट्रासाउंड किया जा चुका है। शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हरीपर्वत वेस्ट की प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. वीनम चतुर्वेदी ने बताया कि पीएमएसएमए दिवस पर गर्भवती महिलाओं और उनके परिजनों को सुरक्षित मातृत्व, समय पर जांच और परिवार नियोजन के बारे में भी जागरूक किया जाता है।

अभियान से लाभान्वित 7 माह की गर्भवती दुर्गेश ने बताया कि नियमित जांच और आयरन सुक्रोज उपचार से उनका हीमोग्लोबिन 7 ग्राम से बढ़कर 10.8 ग्राम हो गया है। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों की सलाह और परिवार के सहयोग से उनकी सेहत में काफी सुधार हुआ है तथा अब वह संस्थागत प्रसव ही कराएंगी। स्वास्थ्य विभाग ने सभी गर्भवती महिलाओं से अपील की है कि वे प्रत्येक माह 1, 9, 16 और 24 तारीख को आयोजित होने वाले प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान दिवस पर पहुंचकर अपनी प्रसवपूर्व जांच अवश्य कराएं, ताकि सुरक्षित मातृत्व सुनिश्चित किया जा सके।





