तहकीकात TODAY
रिपोर्ट — फरहान खान / जाहिद सलमानी
आगरा। फतेहपुर सीकरी के सांसद राज कुमार चाहर ने बटेश्वर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर वहां चल रहे विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। यात्रियों की सुविधाओं और स्टेशन की आधारभूत संरचना को बेहतर बनाने के उद्देश्य से बटेश्वर स्टेशन को डी श्रेणी से बी श्रेणी के स्टेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है। इस परियोजना पर करीब 33.45 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य कराए जा रहे हैं।

निरीक्षण के दौरान सांसद राज कुमार चाहर ने स्टेशन परिसर में उपलब्ध यात्री सुविधाओं के साथ निर्माणाधीन कार्यों का भी बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने स्टेशन के विकास के लिए तैयार किए गए स्टेशन मैप का अवलोकन करते हुए प्रस्तावित और वर्तमान में चल रहे कार्यों की जानकारी ली। रेल अधिकारियों ने सांसद को परियोजना के तहत कराए जा रहे विभिन्न कार्यों की प्रगति से अवगत कराया। स्टेशन के विकास के अंतर्गत स्टेशन भवन और यात्री परिसरों को बेहतर बनाने, प्लेटफॉर्म सुविधाओं में सुधार, यात्रियों के सुगम आवागमन के लिए आवश्यक सिविल कार्य, सर्कुलेटिंग एरिया के विकास सहित यात्री सुविधा से जुड़े कई कार्य किए जा रहे हैं।

इसके अलावा स्टेशन परिसर के सौंदर्यीकरण और आधारभूत सुविधाओं में सुधार पर भी काम किया जा रहा है। विकास कार्यों का उद्देश्य बटेश्वर स्टेशन पर आने वाले यात्रियों को अधिक सुविधाजनक और बेहतर यात्री अनुभव उपलब्ध कराना है। निरीक्षण के दौरान सांसद ने संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप कराए जाएं और उन्हें तय समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए। सांसद ने निर्माण कार्यों के दौरान यात्रियों को किसी तरह की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखने पर भी जोर दिया।

इस मौके पर मंडल रेल प्रबंधक आगरा गगन गोयल, उप मुख्य अभियंता/कंस्ट्रक्शन मुकेश कुमार मीणा, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार अभियंता अनिल पटेल, वरिष्ठ मंडल अभियंता (कोऑर्डिनेशन) शैलेश कुमार, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक (जनरल) बी.एस. चौहान, मंडल अभियंता तृतीय अनादी मित्तल तथा जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम सहित रेलवे के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने सांसद को बटेश्वर स्टेशन पर चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की वर्तमान स्थिति और प्रगति की जानकारी दी। सांसद ने परियोजना से जुड़े अधिकारियों को कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित समय में काम पूरा करने के निर्देश दिए।

बटेश्वर धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थल है। यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। स्टेशन के डी श्रेणी से बी श्रेणी में विकास के बाद यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। स्टेशन भवन, प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया और अन्य यात्री सुविधाओं के विकसित होने से बटेश्वर आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के साथ स्थानीय यात्रियों को भी लाभ मिलेगा। रेलवे स्टेशन के विकास को क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। बटेश्वर आने वाले यात्रियों के लिए बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध होने से धार्मिक और पर्यटन स्थल के रूप में क्षेत्र की कनेक्टिविटी और यात्री सुविधाओं में सुधार होगा।





