विश्व बाल श्रम निषेध दिवस पर जागरूकता अभियान का शुभारंभ, ई-रिक्शा प्रचार वाहन रवाना

City/ STATE'S Cover Story आगरा उत्तर प्रदेश जिलाधिकारी स्थानीय समाचार

तहकीकात TODAY 

रिपोर्ट — फरहान खान / जाहिद सलमानी 

आगरा, 12 जून। विश्व बाल श्रम निषेध दिवस के अवसर पर गुरुवार को जिला प्रशासन और श्रम विभाग की ओर से जनपद में बाल श्रम उन्मूलन के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए विशेष अभियान की शुरुआत की गई। कलेक्ट्रेट परिसर से जिलाधिकारी मनीष बंसल ने जनजागरूकता ई-रिक्शा प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (प्रोटोकॉल) शगुन ओमर, सहायक श्रम आयुक्त, श्रम प्रवर्तन अधिकारी तथा श्रम विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि बाल श्रम समाज के लिए गंभीर चुनौती है और इसके उन्मूलन के लिए जनभागीदारी आवश्यक है। बच्चों का स्थान विद्यालय में है, न कि कार्यस्थलों पर। ऐसे में सभी नागरिकों को बाल श्रम के खिलाफ सजग रहकर इसकी सूचना संबंधित विभाग को देनी चाहिए।

श्रम विभाग द्वारा रवाना किया गया जागरूकता वाहन जनपद के विभिन्न शहरी क्षेत्रों में भ्रमण करेगा। वाहन के माध्यम से बाल श्रम निषेध से जुड़े संदेशों का प्रचार-प्रसार किया जाएगा तथा आमजन को बच्चों को शिक्षा से जोड़ने, उनके अधिकारों की रक्षा करने और बाल श्रम जैसी कुप्रथा को समाप्त करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि बाल श्रम मुक्त समाज के निर्माण के लिए लगातार जनजागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। विश्व बाल श्रम निषेध दिवस के अवसर पर शुरू किया गया यह अभियान लोगों को बच्चों के बेहतर भविष्य और शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। बाल श्रम के खिलाफ समाज के हर वर्ग को आगे आकर सहयोग करना होगा, तभी इस सामाजिक बुराई का प्रभावी ढंग से उन्मूलन संभव हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *