तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ मोनिस उद्दीन
आगरा। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर आगरा मेट्रो के ताज ईस्ट गेट स्टेशन स्थित सुरक्षा कार्यालय में भाई-बहन के स्नेह, सम्मान और विश्वास से जुड़ा भावुक एवं खुशनुमा माहौल देखने को मिला। आगरा मेट्रो की सुरक्षा में तैनात UPSSF जवानों के साथ नन्हीं बहनों ने रक्षाबंधन का त्योहार मनाया। बच्चों ने जवानों की कलाई पर राखी बांधकर उन्हें अपना भाई माना और उनकी सुरक्षा के लिए शुभकामनाएं दीं। नन्हीं बहनों ने सुरक्षा कार्यालय पहुंचकर जवानों की कलाई पर राखी बांधी और उन्हें घेवर व मिठाई खिलाकर रक्षाबंधन की बधाई दी। राखी बंधने के बाद सुरक्षा कार्यालय का माहौल भाई-बहन के स्नेह और अपनत्व से भर गया। ड्यूटी पर तैनात जवानों ने भी बच्चों के साथ परिवार जैसा अपनापन दिखाया और उनके साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं।

इस अवसर पर आगरा मेट्रो सुरक्षा प्रभारी सुशान्त गौर ने बच्चों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें चॉकलेट और गिफ्ट हैंपर भेंट किए। उन्होंने बच्चों से बातचीत की और बहनों को उनकी सुरक्षा का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि UPSSF के जवान आगरा मेट्रो में यात्रियों की सुरक्षा के लिए लगातार मुस्तैदी से अपनी ड्यूटी निभा रहे हैं और यात्रियों की सुरक्षा उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। रक्षाबंधन समारोह के बाद बच्चों को आगरा मेट्रो की सैर भी कराई गई। मेट्रो में सफर करते समय बच्चों के चेहरों पर उत्साह और खुशी साफ नजर आई। बच्चों ने मेट्रो यात्रा का आनंद लेने के साथ सुरक्षा व्यवस्था को भी करीब से देखा। उनके लिए यह अनुभव रक्षाबंधन की यादों में खास बन गया। बच्चों ने कहा कि UPSSF जवानों को राखी बांधकर उन्हें बेहद अच्छा लगा। उन्होंने जवानों को अपना भाई मानते हुए कहा कि अगले वर्ष भी रक्षाबंधन के अवसर पर वे यहां आकर उन्हें राखी बांधने आएंगे।

यह आयोजन केवल राखी बांधने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसने स्नेह, विश्वास और सुरक्षा के रिश्ते को भी मजबूत किया। जहां रक्षाबंधन पर बहनें अपने भाइयों की सलामती की कामना करती हैं, वहीं नन्हीं बहनों ने मेट्रो सुरक्षा कर्मियों को राखी बांधकर उनके प्रति सम्मान और अपनापन व्यक्त किया। ड्यूटी के बीच बच्चों के साथ रक्षाबंधन मनाने का यह अवसर UPSSF जवानों के लिए भी यादगार रहा। बच्चों की मुस्कान और स्नेह ने जवानों के चेहरों पर भी खुशी ला दी। वहीं बच्चों को यह संदेश मिला कि उनकी और यात्रियों की सुरक्षा के लिए सुरक्षा कर्मी हर समय तत्पर रहते हैं।ताज ईस्ट गेट मेट्रो स्टेशन पर मनाया गया यह रक्षाबंधन समारोह भाई-बहन के पवित्र रिश्ते के साथ-साथ समाज में सुरक्षा, विश्वास, सम्मान और आपसी प्रेम का खूबसूरत संदेश देता नजर आया।





