10 मई तक बढ़ी पॉलीटेक्निक प्रवेश आवेदन की अंतिम तिथि, छात्रों को मिला सुनहरा अवसर

City/ STATE'S EDUCATION आगरा स्थानीय समाचार

तहकीकात TODAY 

रिपोर्ट — फरहान खान 

आगरा । संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद उत्तर प्रदेश (JEECUP) ने पॉलीटेक्निक संस्थानों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 10 मई 2026 कर दी है। इससे उन छात्रों को बड़ी राहत मिली है जो अब तक आवेदन नहीं कर सके थे। जिला नोडल अधिकारी डॉ. एस.एच. अब्बास ने बताया कि जनपद के राजकीय, अनुदानित, पीपीपी एवं निजी क्षेत्र की पॉलीटेक्निक संस्थाओं में संचालित विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रथम वर्ष तथा द्वितीय वर्ष (लेटरल एंट्री) में प्रवेश हेतु संयुक्त प्रवेश परीक्षा 2026 के ऑनलाइन आवेदन 15 जनवरी 2026 से परिषद की वेबसाइट पर उपलब्ध कराए गए थे। पहले आवेदन की अंतिम तिथि 30 अप्रैल निर्धारित थी, जिसे अब बढ़ाकर 10 मई कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि सामान्य एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 300 रुपये प्रति ग्रुप तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति के अभ्यर्थियों के लिए 200 रुपये प्रति ग्रुप निर्धारित किया गया है। प्रत्येक अभ्यर्थी अधिकतम तीन ग्रुप में आवेदन कर सकता है। छात्रों की सुविधा के लिए जनपद में कई हेल्प सेंटर भी बनाए गए हैं, जहां से अभ्यर्थी ऑनलाइन आवेदन में सहायता प्राप्त कर सकते हैं। इनमें राजकीय चर्म संस्थान नुनिहाई, राजकीय पॉलीटेक्निक मनकेड़ा, राजकीय पॉलीटेक्निक शमशाबाद एवं राजाबलवंत सिंह पॉलीटेक्निक बिचपुरी शामिल हैं। परिषद ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे समय रहते आवेदन कर इस अवसर का लाभ उठाएं। आवेदन से संबंधित विस्तृत जानकारी परिषद की आधिकारिक वेबसाइट www.jeecup.admissions.in पर उपलब्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *