तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ मोनिस उद्दीन
आगरा । उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, आगरा के तत्वावधान में मंगलवार को सचिव (पूर्णकालिक) पंकज कुमार-I ने राजकीय सम्प्रेक्षण गृह किशोर, आगरा एवं राजकीय बाल गृह शिशु, आगरा का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही भोजन, स्वच्छता, स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं प्रभावी ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सचिव ने संस्थानों में रह रहे बच्चों से संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली तथा उनके त्वरित और गुणवत्तापूर्ण समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बच्चों के सर्वोत्तम हितों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

निरीक्षण के बाद राजकीय सम्प्रेक्षण गृह किशोर में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में किशोरों को उनके संवैधानिक एवं विधिक अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता, बाल अधिकार, किशोर न्याय अधिनियम, शिक्षा के अधिकार, महिला एवं बाल संरक्षण कानूनों तथा साइबर अपराधों से बचाव के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही बताया गया कि जरूरत पड़ने पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है।

इस अवसर पर सचिव पंकज कुमार-I ने किशोरों को सकारात्मक सोच अपनाने, शिक्षा का महत्व समझने, अनुशासित जीवन जीने और समाज की मुख्यधारा से जुड़कर उज्ज्वल भविष्य बनाने के लिए प्रेरित किया। शिविर के दौरान प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया। कार्यक्रम के अंत में संस्थान के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, आगरा का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाने की अपेक्षा जताई।





