तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ मोहम्मद सुमेर
आगरा। ताजमहल की खूबसूरती का दीदार करने आगरा पहुंच रहे विदेशी पर्यटकों को अब सुरक्षा के साथ भारतीय संस्कृति और आतिथ्य का अनूठा अनुभव भी मिल रहा है। ‘अतिथि देवो भव:’ और ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की भावना के साथ आगरा पुलिस ने विदेशी सैलानियों का गर्मजोशी से स्वागत कर उनकी ताजमहल यात्रा को यादगार बनाया।

पुलिस कमिश्नर आगरा के निर्देशन में थाना ताज सुरक्षा की क्विक रिस्पांस टीम (QRT) द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन टूरिस्ट डिलाइट’ के तहत रविवार को ताजमहल के पश्चिमी प्रवेश द्वार पर विदेशी पर्यटकों के समूह से मित्रवत संवाद किया गया।

इटली, स्पेन, जापान, सऊदी अरब सहित विभिन्न देशों से ताजमहल देखने पहुंचे पर्यटकों को आगरा पुलिस की टीम ने हर संभव सहायता उपलब्ध कराई। पुलिसकर्मियों ने पर्यटकों से संवाद कर उनकी आवश्यकताओं की जानकारी ली और ताजमहल भ्रमण के दौरान उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा। आगरा पुलिस के इस आत्मीय व्यवहार से विदेशी पर्यटक भी काफी प्रभावित नजर आए। पर्यटकों ने पुलिस टीम का आभार जताते हुए आगरा में मिले सहयोग और स्वागत की सराहना की।

‘ऑपरेशन टूरिस्ट डिलाइट’ के माध्यम से आगरा पुलिस का प्रयास है कि देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को सुरक्षित वातावरण के साथ बेहतर आतिथ्य और सकारात्मक अनुभव मिले, जिससे वे आगरा की ऐतिहासिक विरासत के साथ-साथ भारतीय संस्कृति की गर्मजोशी की सुखद स्मृतियां भी अपने साथ लेकर लौटें। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक पंकज सिंह पटेल, आरक्षी आशु और महिला आरक्षी सुलेखा शामिल रहे।





