तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान / मोनिश उद्दीन
आगरा। दशहरा के दिन ताजमहल पर उमड़ी भारी भीड़ के बीच राजस्थान से ताजमहल देखने पहुंची दो छात्राओं की अचानक तबीयत बिगड़ गई। पश्चिमी प्रवेश द्वार पर चेकिंग के दौरान भीड़ के दबाव के बीच दोनों छात्राओं को सांस लेने में परेशानी होने लगी। छात्राओं की हालत बिगड़ते देख शिक्षक ने तत्काल सीआईएसएफ और पुलिसकर्मियों को इसकी सूचना दी। जिसके बाद ताज सुरक्षा पुलिस की क्विक रिस्पांस टीम ने बिना देर किए मोर्चा संभाला और दोनों छात्राओं को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई। जानकारी के मुताबिक, सीकर राजस्थान स्थित विद्या आश्रम स्कूल से छात्र-छात्राओं का एक दल दशहरा के दिन ताजमहल देखने आगरा पहुंचा था। इसी दल में शामिल 17 वर्षीय कनिष्का और 18 वर्षीय हिमाक्षी पश्चिमी प्रवेश द्वार पर सुरक्षा जांच के दौरान अत्यधिक भीड़ के बीच अचानक अस्वस्थ हो गईं। दोनों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी, जिसके बाद उनके शिक्षक पिंटू ने तत्काल वहां तैनात सीआईएसएफ उप निरीक्षक पीयूष कुमार को छात्राओं की परेशानी की जानकारी दी।

छात्राओं की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए उप निरीक्षक पीयूष कुमार और राहुल कुमार ने ताजमहल के पश्चिमी गेट पर तैनात थाना ताज सुरक्षा पुलिस की क्विक रिस्पांस टीम के प्रभारी उप निरीक्षक पंकज सिंह पटेल को पूरे मामले से अवगत कराया। सूचना मिलते ही क्यूआरटी टीम सक्रिय हो गई और उच्चाधिकारियों के निर्देशन में छात्राओं को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई गई। इसके बाद ताजमहल पश्चिमी पार्किंग स्थित पर्यटन सुविधा केंद्र से एंबुलेंस बुलवाई गई। दोनों छात्राओं को तत्काल पर्यटन सुविधा केंद्र पहुंचाया गया, जहां उन्हें आवश्यक चिकित्सा सहायता दिलाने की व्यवस्था की गई। समय रहते पुलिस और सीआईएसएफ की टीम के सक्रिय होने से छात्राओं को सुरक्षित चिकित्सा सुविधा तक पहुंचाया जा सका।

घटना के बाद छात्राओं के शिक्षक ने आगरा पुलिस और सीआईएसएफ की तत्परता की सराहना करते हुए आभार जताया। शिक्षक ने कहा कि भीड़ के बीच छात्राओं की तबीयत बिगड़ने पर पुलिस और सुरक्षा बलों ने जिस तेजी से मदद की, उससे उन्हें तत्काल राहत और चिकित्सा सहायता मिल सकी। ताजमहल पर पर्यटकों की भारी भीड़ के बीच हुई इस घटना ने एक बार फिर पर्यटकों की सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की अहमियत को सामने ला दिया। ताज सुरक्षा पुलिस की क्विक रिस्पांस टीम लगातार ताजमहल परिसर और प्रवेश द्वारों पर पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर मुस्तैद रहती है। इस दौरान पुलिस टीम में उप निरीक्षक पंकज सिंह पटेल, सीआईएसएफ के उप निरीक्षक पीयूष कुमार और राहुल कुमार, आरक्षी आशु, मनोज पाल (पर्यटन), महिला आरक्षी सुलेखा और शिखा शामिल रहीं।





