राजकीय जिला पुस्तकालय बनेगा आधुनिक अध्ययन केंद्र

City/ STATE'S आगरा जिलाधिकारी प्रदेश सरकार शाशन / प्रशासन स्थानीय समाचार

तहकीकात TODAY 

रिपोर्ट — फरहान खान / अजेंद्र चौहान 

आगरा। विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए आगरा का राजकीय जिला पुस्तकालय अब आधुनिक और सुविधायुक्त अध्ययन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। जिलाधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में राजकीय जिला पुस्तकालय भवन में जिला पुस्तकालय समिति की बैठक आयोजित हुई, जिसमें पुस्तकालय के विकास, सुविधाओं के विस्तार और पाठकों के लिए बेहतर माहौल उपलब्ध कराने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।बैठक में पुस्तकालय अध्यक्ष ने वर्तमान व्यवस्थाओं, उपलब्ध सुविधाओं और आवश्यकताओं की जानकारी समिति के सामने रखी। जिलाधिकारी ने पुस्तकालय की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने के निर्देश दिए।

साफ-सफाई और परिसर की व्यवस्थाओं पर जोर

जिलाधिकारी ने पुस्तकालय परिसर और शौचालयों में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के लिए नगर निगम के समन्वय से सफाई कर्मचारी की नियमित तैनाती के निर्देश दिए। इसके साथ ही परिसर में स्वच्छता व्यवस्था, हरित क्षेत्र की देखरेख और आवश्यक स्थानों पर स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था कराने को कहा गया।

पुराने फर्नीचर और सामग्री का होगा निस्तारण

बैठक में पुस्तकालय में मौजूद फर्नीचर, मेज, कुर्सी, अलमारी सहित अन्य तकनीकी स्थायी एवं नॉन-कंज्यूमेबल सामग्री को व्यवस्थित करने पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने उपयोग में नहीं आ रही सामग्री के नियमानुसार निस्तारण के लिए समिति गठित कर पारदर्शी प्रक्रिया के तहत नीलामी कराने के निर्देश दिए। इससे पुस्तकालय में खाली होने वाली जगह का उपयोग नई और उपयोगी सुविधाओं के विकास में किया जा सकेगा।

वाचनालय में लगेंगे दो एसी

विद्यार्थियों और पाठकों को बेहतर अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराने के लिए जिलाधिकारी ने वाचनालय हॉल में दो एसी लगाने के निर्देश दिए। इससे गर्मी के मौसम में भी विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को आरामदायक वातावरण में अध्ययन करने की सुविधा मिल सकेगी।

प्रतियोगी परीक्षाओं की नई किताबें होंगी उपलब्ध

पुस्तकालय को युवाओं की जरूरतों के अनुरूप विकसित करने के लिए नवीन पाठ्यक्रमों पर आधारित प्रतियोगी परीक्षाओं की पुस्तकों की संख्या बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने इसके लिए जनपद स्तर पर कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के माध्यम से पुस्तकालय के विकास और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के प्रयास करने के निर्देश दिए।

महिला पाठकों की सुरक्षा पर भी ध्यान

महिला पाठकों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वाचनालय में महिला होमगार्ड की तैनाती के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही महिला पाठकों के लिए आवश्यक सुविधाओं को और बेहतर बनाने पर भी समिति ने विचार-विमर्श किया जिलाधिकारी मनीष बंसल ने कहा कि राजकीय जिला पुस्तकालय को विद्यार्थियों और युवाओं के लिए ज्ञान, अध्ययन और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का बेहतर केंद्र बनाया जाए। उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए आधुनिक सुविधाओं का विस्तार किया जाए, जिससे अधिक से अधिक विद्यार्थी और पाठक पुस्तकालय का लाभ उठा सकें। पुस्तकालय के विकास कार्यों की नियमित समीक्षा के लिए प्रत्येक छह माह में न्यूनतम दो बैठकें आयोजित करने पर भी जोर दिया गया। बैठक के बाद जिलाधिकारी ने पुस्तकालय परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक रविंद्रपाल सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राकेश सिंह, प्रतिमा भार्गव, पुस्तकालय अध्यक्ष सहित जिला राजकीय पुस्तकालय समिति के सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *