रेलवे स्टेशनों की सफाई से डिजिटल दफ्तर तक, ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान में बढ़ा जोर

City/ STATE'S Exclusive आगरा जीआरपी रेलवे स्थानीय समाचार

तहकीकात TODAY 

रिपोर्ट — फरहान खान 

आगरा। ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान के तहत आगरा मंडल में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और संसाधनों के बेहतर उपयोग को लेकर लगातार विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। मंडल रेल प्रबंधक आगरा श्री गगन गोयल एवं अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री गिरीश कुमार गुप्ता के नेतृत्व में चल रहा यह अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 तक “स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत” की थीम पर संचालित किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत रेलवे स्टेशनों, कार्यालयों और रेलवे परिसरों में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ-साथ यात्रियों और कर्मचारियों को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसी क्रम में 22 सितंबर को रेलवे स्टेशनों पर नालियों और शौचालयों की नियमित एवं प्रभावी सफाई पर विशेष ध्यान दिया गया। अधिकारियों ने यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि यात्रियों को स्टेशनों पर स्वच्छ और बेहतर वातावरण उपलब्ध हो। वहीं, स्टेशनों पर स्थापित सौर ऊर्जा से संचालित उपकरणों को कार्यशील एवं उपयोगी स्थिति में बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके माध्यम से स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने और ऊर्जा संरक्षण के उद्देश्यों को प्रभावी बनाने का प्रयास किया जा रहा है। रेलवे कार्यालयों में भी स्वच्छता अभियान को नई कार्यप्रणाली से जोड़ा गया है। कार्यालयों में ‘क्लीन डेस्क’ व्यवस्था अपनाने, अनावश्यक प्रिंटिंग कम करने और अधिक से अधिक डिजिटल दस्तावेजीकरण को बढ़ावा देने पर जोर दिया जा रहा है। बैठकों एवं अन्य कार्यालयीन गतिविधियों में डिस्पोजेबल प्लास्टिक की बोतलों और कपों के स्थान पर पुन: उपयोग योग्य बोतल एवं कप इस्तेमाल करने के लिए कर्मचारियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। रेलवे प्रशासन के अनुसार, इन प्रयासों का उद्देश्य रेलवे परिसरों को स्वच्छ, पर्यावरण-अनुकूल और संसाधन-कुशल बनाना है। साथ ही अभियान के माध्यम से कर्मचारियों और यात्रियों में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा बचत और प्लास्टिक के कम उपयोग के प्रति जागरूकता को और मजबूत किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *