श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आगरा मंडल ने चलाईं 17 मेला स्पेशल ट्रेनें

City/ STATE'S आगरा उत्तर प्रदेश रेलवे

तहकीकात TODAY 

रिपोर्ट – फरहान खान/ जाहिद सलमानी 

आगरा। गुरु पूर्णिमा एवं मुड़िया मेला-2026 के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए उत्तर मध्य रेलवे के आगरा मंडल ने यात्रियों की सुविधा के लिए व्यापक रेल व्यवस्थाएं की हैं। मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक कुलदीप मीना के निर्देशन में विशेष ट्रेनें, अतिरिक्त ठहराव और ट्रेनों के अस्थायी विस्तार जैसी व्यवस्थाएं लागू की गईं। 27 जुलाई 2026 को उत्तर मध्य रेलवे के विभिन्न रेलखंडों पर 132 अप एवं डाउन नियमित ट्रेनों का सफल संचालन किया गया। वहीं, श्रद्धालुओं की अतिरिक्त भीड़ को संभालने के लिए 17 मेला स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया गया, जिससे गोवर्धन परिक्रमा और गुरु पूर्णिमा मेले में आने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिली। इसके अलावा यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यशवंतपुर–हजरत निजामुद्दीन संपर्क क्रांति एक्सप्रेस तथा हजरत निजामुद्दीन–तिरुपति सुपरफास्ट एक्सप्रेस को आगरा कैंट और मथुरा जंक्शन पर अस्थायी ठहराव प्रदान किया गया। रेलवे ने 5 जोड़ी ट्रेनों का अस्थायी विस्तार भी किया, जिनमें नई दिल्ली–आगरा कैंट इंटरसिटी, आगरा कैंट–इटावा मेमू, आगरा कैंट–मैनपुरी मेमू, आगरा कैंट–वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी पैसेंजर तथा कासगंज–मथुरा ट्रेन शामिल हैं। इनका विस्तार मथुरा जंक्शन और गंगापुर तक किया गया। यात्रियों की अतिरिक्त मांग को देखते हुए 6 ट्रेन ऑन डिमांड (TOD) स्पेशल ट्रेनों का भी संचालन किया गया, जिससे विभिन्न राज्यों से आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को सुगम यात्रा की सुविधा मिली।

मथुरा जंक्शन सहित अन्य प्रमुख स्टेशनों पर रेल सुरक्षा बल (RPF), वाणिज्य विभाग, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स तथा रेलवे के अन्य विभागों के कर्मचारियों ने यात्रियों को सुरक्षित बोर्डिंग, मार्गदर्शन, उद्घोषणा, सहायता और प्रभावी भीड़ प्रबंधन की सुविधाएं उपलब्ध कराईं। उत्तर मध्य रेलवे, आगरा मंडल ने कहा कि गुरु पूर्णिमा एवं मुड़िया मेला-2026 के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने के लिए रेलवे पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *