तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ मोनिस उद्दीन
मथुरा। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-6 (आगरा छोर) पर एक महिला यात्री ने स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया। रेलवे कर्मचारियों, रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) और रेलवे चिकित्सकों की त्वरित कार्रवाई से जच्चा और नवजात दोनों सुरक्षित एवं स्वस्थ हैं।

जानकारी के अनुसार, दोपहर में उप स्टेशन प्रबंधक (कॉमर्शियल), मथुरा जंक्शन को आरपीएफ सीसीटीवी कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि प्लेटफॉर्म संख्या-6 पर एक महिला यात्री को तत्काल चिकित्सकीय सहायता की आवश्यकता है। सूचना मिलते ही रेलवे अस्पताल को अलर्ट किया गया और रेलवे चिकित्सक डॉ. अभय अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे।

मौके पर पहुंचने पर चिकित्सकीय टीम ने पाया कि महिला का प्रसव हो चुका था और उन्होंने एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया है। डॉ. अभय एवं उनकी टीम ने जच्चा और नवजात को तत्काल प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया। इसके बाद रेल सुरक्षा बल और वाणिज्य विभाग के कर्मचारियों के सहयोग से दोनों को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल, मथुरा भेजा गया। महिला की पहचान धनकुंवर (35 वर्ष), निवासी बैरवारा, जनपद ललितपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। उनके पति भी मौके पर मौजूद थे। बताया गया कि धनकुंवर हरियाणा के बावल से मथुरा जंक्शन की यात्रा कर रही थीं।

उत्तर मध्य रेलवे, आगरा मंडल ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जाती है। रेलवे कर्मचारियों, आरपीएफ, वाणिज्य विभाग और चिकित्सकीय टीम की संवेदनशीलता एवं तत्परता के चलते जच्चा और नवजात बच्ची दोनों पूरी तरह सुरक्षित और स्वस्थ हैं।





