तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ राजकुमार मीना
आगरा। सरोजिनी नायडू मेडिकल कॉलेज (एसएनएमसी) में सफल किडनी ट्रांसप्लांट के दूसरे दिन 31 वर्षीय दाता मीना की हालत स्थिर और संतोषजनक बनी हुई है। डॉक्टरों की टीम उनके स्वास्थ्य की लगातार निगरानी कर रही है। मीना ने अपने पति को अपनी किडनी दान की है। ऑपरेशन के बाद मीना ने असाध्य रोग योजना के तहत मिले निःशुल्क इलाज और सफल किडनी ट्रांसप्लांट के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, एसएनएमसी के प्राचार्य एवं डीन डॉ. प्रशांत गुप्ता सहित पूरी चिकित्सकीय टीम का आभार जताया। संक्रमण से बचाव और चिकित्सकीय दिशा-निर्देशों के चलते मीना फिलहाल कुछ दिनों तक अपने पति से सीधे नहीं मिल सकती हैं। ऐसे में अस्पताल प्रशासन की मदद से दोनों की वीडियो कॉल के जरिए बातचीत कराई गई। वीडियो कॉल के दौरान दोनों ने एक-दूसरे का हालचाल जाना और स्वास्थ्य की जानकारी ली। एसएनएमसी के प्राचार्य एवं डीन डॉ. प्रशांत गुप्ता ने बताया कि मरीज और दाता दोनों की 24 घंटे निगरानी की जा रही है। उन्होंने कहा कि दोनों की रिकवरी तेजी से हो रही है और फिलहाल दोनों सुरक्षित हैं। मेडिकल कॉलेज में जटिल ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम देकर मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। सफल किडनी ट्रांसप्लांट के बाद अस्पताल में मरीज और दाता दोनों के स्वास्थ्य में हो रही तेजी से सुधार की जानकारी से उनके परिजनों में भी राहत का माहौल है।





