तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ अजेंद्र चौहान
आगरा। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट प्रांगण में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया और राष्ट्रगान के साथ देशभक्ति के माहौल में स्वतंत्रता दिवस समारोह की शुरुआत की। इस अवसर पर वंदेमातरम का सामूहिक गायन भी हुआ। ध्वजारोहण के बाद जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता संग्राम में संघर्ष और बलिदान देने वाले अमर सेनानियों के स्वजनों को अंगवस्त्र एवं माल्यार्पण कर सम्मानित किया। इसके बाद परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने जनपदवासियों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वर्ष 1947 में करीब दो सौ वर्षों की गुलामी और लंबे संघर्ष के बाद देश आजाद हुआ। आजादी की लड़ाई में अनेक वीरों ने अपने प्राणों का बलिदान दिया, जिसके परिणामस्वरूप आज हम स्वतंत्रता और अपने अधिकारों का उपभोग कर रहे हैं। उन्होंने अमर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।

डीएम ने कहा कि आज देश विश्व पटल पर एक सशक्त राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। वर्ष 2047 तक राष्ट्र को सशक्त और विकसित भारत बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपना योगदान देना होगा। उन्होंने कहा कि जन सहयोग और जनभागीदारी के साथ उन सपनों को साकार करने के लिए कार्य करना होगा, जिनके लिए स्वतंत्रता सेनानियों ने संघर्ष किया और अपना बलिदान दिया। जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट के अधिकारियों और कर्मचारियों का आह्वान करते हुए कहा कि कलेक्ट्रेट के प्रत्येक कार्यालय की जिम्मेदारी महत्वपूर्ण है। यहां जनपद के 50 लाख से अधिक नागरिकों की सेवा का अवसर मिला है। अधिकारी-कर्मचारी आमजन के रोजमर्रा के जीवन को बेहतर और सुविधाजनक बनाने के लिए पूरी संवेदनशीलता से कार्य करें। उन्होंने कहा कि जिस भरोसे और विश्वास के साथ फरियादी कलेक्ट्रेट आता है, उस भरोसे को टूटने नहीं देना है। अधिकारी फाइलों को केवल कागज न समझें, क्योंकि किसान, मजदूर और आम फरियादी के लिए वही कागजात उनके जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा होते हैं। किसी भी फाइल को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और संवेदनशीलता के साथ तत्काल निस्तारण किया जाए।

डीएम ने कहा कि कोई भी काम छोटा या बड़ा नहीं होता। अधिकारी अपने कर्मचारियों को बेहतर कार्य के लिए मार्गदर्शन दें और उनकी मदद करें, ताकि पूरा सिस्टम गति के साथ संचालित हो। सभी अधिकारी-कर्मचारी परिवार की तरह मिलकर कार्य करें और आम जनता का जीवन सहज एवं सरल बनाने में अपना योगदान दें। उन्होंने कहा कि जनपद लगातार विकास और उन्नति के पथ पर अग्रसर है तथा उत्तर प्रदेश में सर्वाधिक निवेश प्राप्त करने वाले जिलों में शामिल है। जल्द ही आगरा में अंतर्राष्ट्रीय आलू अनुसंधान केंद्र संचालित होगा, जिससे किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज मिलने के साथ उत्पादन में वृद्धि होगी। नवीन उद्योगों की स्थापना के लिए भी निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार और प्रशासन का प्रयास गुड गवर्नेंस के माध्यम से आमजन को अधिक से अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। बड़ी कुर्बानियों, त्याग और संघर्षों से मिली आजादी के लोकतांत्रिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति सभी को जागरूक रहना चाहिए।

उन्होंने कलेक्ट्रेट के प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी से संकल्प लेने का आह्वान किया कि कोई भी फरियादी कलेक्ट्रेट से निराश होकर न लौटे। उन्होंने कहा कि अपने कर्तव्यबोध को हमेशा याद रखना ही सच्ची राष्ट्र सेवा है।कार्यक्रम में समस्त अपर जिलाधिकारी, एसीएम सहित कलेक्ट्रेट के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।





