तहकीकात TODAY
रिपोर्ट — मोहम्मद सुमेर / जाहिद सलमानी
आगरा जिलाधिकारी मनीष बंसल ने साईं की तकिया स्थित जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान ओपीडी से लेकर इमरजेंसी, सर्जरी, पीडियाट्रिक, महिला व हड्डी रोग विभाग, एंटी रेबीज, डायलिसिस यूनिट सहित पूरे परिसर का भ्रमण किया गया। निरीक्षण में ओपीडी संचालन में अव्यवस्था, मरीजों और तीमारदारों की लंबी व बेतरतीब कतारें तथा अफरातफरी की स्थिति सामने आई। इस पर डीएम ने सीएमएस और अस्पताल मैनेजर से मौके पर जवाब तलब किया। अधिकारियों द्वारा भीड़ का कारण अमरनाथ यात्रियों को बताया गया, जिस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए पर्ची सिस्टम और ओपीडी प्रबंधन में तत्काल सुधार के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कई खामियां उजागर हुईं—डॉक्टर और स्टाफ बिना एप्रन के मिले, मरीजों को बैठने की समुचित व्यवस्था नहीं थी, कई स्थानों पर सूचना पट्ट (साइनेज) का अभाव दिखा। अस्पताल में विभिन्न विभागों, वार्डों और लैब की जानकारी स्पष्ट रूप से उपलब्ध नहीं थी, वहीं डॉक्टरों की पुरानी सूची लगी मिली। डस्टबिन और सफाई व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं पाई गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि अस्पताल के प्रवेश द्वार पर सभी विभागों, डॉक्टरों के नाम, ओपीडी समय और वार्ड की जानकारी वाले स्पष्ट बोर्ड लगाए जाएं। प्रत्येक वार्ड के बाहर डस्टबिन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और पूरे परिसर में उच्च स्तरीय सफाई बनाए रखी जाए। साथ ही मरीजों और तीमारदारों के लिए सभी मंजिलों पर पेयजल और वाटर कूलर की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए गए। डीएम ने दवाओं और एंटी रेबीज वैक्सीन की उपलब्धता की भी समीक्षा की और समय पर मांग भेजकर आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार किया जाए और अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। “व्यवस्थाओं को देखने आता रहूंगा,” उन्होंने कहा। हालांकि, निरीक्षण के दौरान मरीजों और तीमारदारों से बातचीत में यह सामने आया कि अस्पताल में समय पर इलाज, दवाएं और भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण कुमार श्रीवास्तव, सीएमएस डॉ. सुनीता राठौर, अस्पताल मैनेजर मोहित भारती सहित अन्य अधिकारी और चिकित्सक मौजूद रहे।





