तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – मोनिश उद्दीन
आगरा में साइबर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। साइबर अपराधियों ने 71 वर्षीय पूर्व बैंक मैनेजर को कई घंटे तक डिजिटल अरेस्ट कर 4.5 लाख रुपये ठग लिए। आरोप है कि आगरा के दो युवकों ने महाराष्ट्र एटीएस अधिकारी बनकर बुजुर्ग से वीडियो कॉल पर बात की और उन्हें डराया-धमकाया। आरोपियों ने बुजुर्ग को बताया कि उनके बैंक खाते में पाकिस्तान से 300 करोड़ रुपये की रकम आने की जानकारी मिली है। इसके बाद उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज होने और जेल भेजे जाने का डर दिखाया गया। कई घंटे तक वीडियो कॉल पर निगरानी में रखने के बाद आरोपियों ने मामले को खत्म कराने के नाम पर बुजुर्ग से 4.5 लाख रुपये की रकम वसूल ली। जांच के दौरान साइबर पुलिस ने मामले में आगरा के नगला हरमुख निवासी रवि कुमार और खेरागढ़ निवासी ऋतिक कुशवाह को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों पर कंबोडिया और थाईलैंड से साइबर फ्रॉड के तरीके सीखने का भी आरोप है। दोनों के मोबाइल फोन पुलिस ने कब्जे में लेकर उनकी जांच शुरू कर दी है। बताया गया है कि मामले की जांच में बोकारो साइबर टीम भी सक्रिय हुई है। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को बोकारो साइबर टीम अपने साथ लेकर गई है। पुलिस अब आरोपियों के मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर यह पता लगाने में जुटी है कि इस साइबर ठगी के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हैं। आगरा के नगला हरमुख और खेरागढ़ से हुई दोनों गिरफ्तारियों के बाद साइबर पुलिस अब पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही है। अधिकारियों की जांच में यह भी सामने आने की उम्मीद है कि आरोपियों ने इसी तरह और कितने लोगों को डिजिटल अरेस्ट कर ठगी का शिकार बनाया है।





