आगरा मेट्रो में शुरू हुआ स्वच्छता सप्ताह, सफाई मित्रों को सम्मान और बच्चों ने दिखाई रचनात्मकता

City/ STATE'S Cover Story Entertainment Exclusive आगरा मेट्रो स्थानीय समाचार

तहकीकात TODAY

रिपोर्ट — फरहान खान / मोनिश उद्दीन

आगरा। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPMRCL) की ओर से 29 सितंबर से 5 अक्टूबर 2026 तक स्वच्छता सप्ताह मनाया जा रहा है। अभियान के तहत आगरा मेट्रो के स्टेशनों, कार्यालयों और परियोजना स्थलों पर स्वच्छता एवं जागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

स्वच्छता सप्ताह के पहले दिन आगरा मेट्रो स्टेशनों पर तैनात हाउसकीपिंग कर्मचारियों यानी ‘सफाई मित्रों’ के लिए विशेष हाउसकीपिंग गेम्स आयोजित किए गए। महिला और पुरुष सफाई मित्रों के लिए अलग-अलग म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता कराई गई, जिसमें कर्मचारियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। इस पहल के माध्यम से मेट्रो प्रशासन ने रोजाना स्टेशनों को साफ-सुथरा रखने वाले सफाई मित्रों के योगदान को सम्मानित करने और उनका उत्साह बढ़ाने का प्रयास किया।

अभियान के दौरान आगरा मेट्रो के अधिकारियों और कर्मचारियों ने विभिन्न स्थानों पर श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया। अधिकारियों ने स्वच्छता शपथ लेते हुए 100 घंटे श्रमदान करने का संकल्प भी लिया। परियोजना निदेशक कार्यालय, डिपो परिसर, ताज ईस्ट गेट स्टेशन, फतेहाबाद रोड, ताजमहल, डॉ. अंबेडकर चौक और मंकामेश्वर मेट्रो स्टेशन सहित विभिन्न स्थानों पर स्वच्छता अभियान चलाया गया।

वहीं, कम्पोजिट स्कूल मंटोला के बच्चों ने भी स्वच्छता सप्ताह में भाग लिया। विद्यार्थियों ने ‘विकसित भारत 2047’ थीम पर आकर्षक पेंटिंग बनाकर अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। इसके बाद बच्चों ने आगरा मेट्रो में राइड का आनंद लिया और स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया।

UPMRCL के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने कहा कि स्वच्छता सभी की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि मेट्रो को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाए रखने में सफाई मित्रों की महत्वपूर्ण भूमिका है। स्वच्छता सप्ताह उनके योगदान को सम्मान देने और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का अवसर है। स्वच्छता सप्ताह का समापन 5 अक्टूबर को पुरस्कार वितरण समारोह के साथ किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *