सीएचसी बिचपुरी का औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं की हुई पड़ताल

City/ STATE'S Cover Story Health आगरा उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग स्थानीय समाचार स्वास्थ्य विभाग

तहकीकात TODAY 

रिपोर्ट – फरहान खान / राजकुमार मीना 

आगरा। राज्य महिला आयोग, उत्तर प्रदेश की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान ने सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बिचपुरी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं, दवाओं की उपलब्धता, जांच व्यवस्था, प्रसव सेवाओं, टीकाकरण और साफ-सफाई समेत शासन की स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत जानकारी ली। अध्यक्ष ने अस्पताल में उपचार के लिए पहुंचे मरीजों और तीमारदारों से सीधे बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति जानी। उन्होंने मरीजों से पूछा कि उन्हें आवश्यक दवाइयां और जांच सुविधाएं निशुल्क उपलब्ध हो रही हैं या नहीं।

निरीक्षण के दौरान दंत चिकित्सा कक्ष और नेत्र ओपीडी में मरीजों का उपचार और जांच होती मिली। इसके बाद उन्होंने एक्स-रे कक्ष का निरीक्षण किया, जहां डिजिटल एक्स-रे मशीन सुचारू रूप से संचालित पाई गई। ओपीडी में चिकित्सकों द्वारा मरीजों का परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श और उपचार किए जाने की व्यवस्था का भी जायजा लिया गया। प्रसव कक्ष और साफ-सफाई की जांच डॉ. बबीता सिंह चौहान ने प्रसव कक्ष का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं और प्रसव सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने साफ-सफाई और व्यवस्थाओं को भी बारीकी से देखा। निरीक्षण में प्रसव कक्ष की व्यवस्थाएं और स्वच्छता निर्धारित मानकों के अनुरूप पाई गई। इसके बाद उन्होंने कोल्ड चेन का निरीक्षण किया और नियमित टीकाकरण के लिए रखी गई वैक्सीन के सुरक्षित रखरखाव की जानकारी ली। साथ ही एचपीवी टीकाकरण की स्थिति के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। गर्भवती महिलाओं और किशोरियों को किया जागरूक निरीक्षण के दौरान गर्भवती महिलाओं को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने के लिए जागरूक किया गया। गर्भवती महिलाओं को फल भी वितरित किए गए। वहीं किशोरियों को व्यक्तिगत स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। इस दौरान उन्हें सेनेटरी नैपकिन का वितरण भी किया गया।

अध्यक्ष ने की स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं की सराहना निरीक्षण के बाद राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान ने सीएचसी बिचपुरी की व्यवस्थाओं पर संतोष जताया। उन्होंने कहा कि केंद्र पर स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित हैं और अधीक्षक सहित पूरा स्टाफ अपने-अपने दायित्वों का बेहतर ढंग से निर्वहन कर रहा है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार व्यवस्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाएं कम ही देखने को मिलती हैं। उन्होंने अस्पताल के अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की। निरीक्षण के दौरान चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजवीर सिंह, ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक लोकेंद्र कुमार तिवारी सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान दंत चिकित्सा, नेत्र जांच, एक्स-रे, औषधि वितरण और ओपीडी में चिकित्सकों एवं स्टाफ को अपने-अपने कार्यों में तैनात पाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *