मेजर ध्यानचंद की जयंती पर आगरा रेल मंडल में खेलों का उत्सव

City/ STATE'S Sports आगरा उत्तर प्रदेश रेलवे

तहकीकात TODAY 

रिपोर्ट – फरहान खान/ मोनिस उद्दीन 

आगरा। हॉकी के जादूगर पद्मभूषण मेजर ध्यानचंद के जन्म दिवस के अवसर पर आगरा रेल मंडल द्वारा राष्ट्रीय खेल दिवस धूमधाम से मनाया गया। मंडल रेल प्रबंधक आगरा गगन गोयल के मार्गदर्शन में मंडल खेलकूद संघ की ओर से अधिकारी क्लब, आगरा में आयोजित कार्यक्रम में मंडल के अधिकारियों, कर्मचारियों और खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में 25 अगस्त से 29 अगस्त 2026 तक विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें बैडमिंटन, शतरंज, टेबल टेनिस, बॉक्सिंग और एथलेटिक्स प्रतियोगिताएं शामिल रहीं। इन प्रतियोगिताओं में मंडल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल ने मेजर ध्यानचंद के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान उन्होंने खेलों के महत्व पर जोर देते हुए रेलकर्मियों को खेलों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया।

राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर गोवर्धन स्टेडियम में मुक्केबाजी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। 50 से 55 किलोग्राम भार वर्ग में जितेंद्र ने विजेता का स्थान हासिल किया, जबकि 46 किलोग्राम भार वर्ग में कार्तिक विजेता रहे। प्रतियोगिता में कबीर और यश उपविजेता रहे।बैडमिंटन पुरुष वर्ग में आनंद कुमार विजेता और हर्ष सिंह उपविजेता रहे। वहीं टेबल टेनिस स्टाफ वर्ग में जितेंद्र सिंह ने विजेता तथा शहबाज अंसारी ने उपविजेता का स्थान प्राप्त किया। ऑफिसर किड्स के बैडमिंटन बालक वर्ग (A13) में अर्श गुप्ता, अक्षत वर्मा और पार्थ त्रिपाठी ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल किया। बालिका वर्ग में राशि बघेला प्रथम तथा अविशा गोयल द्वितीय स्थान पर रहीं।

राष्ट्रीय खेल दिवस का आयोजन रेलकर्मियों के बीच खेलों के प्रति रुचि और सहभागिता बढ़ाने के साथ स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम रहा। खेलों के माध्यम से टीम भावना, अनुशासन और सक्रिय जीवनशैली को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल, अपर मंडल रेल प्रबंधक गिरीश कुमार गुप्ता, मंडल खेलकूद अधिकारी अनिल सिंह पटेल, सहायक मंडल खेलकूद अधिकारी पी.सी. अग्रवाल सहित मंडल के अन्य अधिकारी, खिलाड़ी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *