आगरा में बिजली सुधार को लेकर बड़ी समीक्षा बैठक, हाई लॉस फीडरों पर विशेष नजर

City/ STATE'S Cover Story NATIONAL आगरा प्रदेश सरकार बैठक भारतीय जनता पार्टी मंडलायुक्त मण्डल आयुक्त स्थानीय समाचार

तहकीकात TODAY 

रिपोर्ट — फरहान खान / इस्लाम अब्बास 

आगरा। जनपद में बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने, विद्युत चोरी पर प्रभावी अंकुश लगाने और लाइन लॉस कम करने को लेकर शनिवार को आयुक्त सभागार में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता यूपी स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं पूर्व मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने की। बैठक में विद्युत विभाग और जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ जनपद में बिजली आपूर्ति, राजस्व वसूली, लाइन लॉस और विद्युत चोरी रोकने के लिए किए जा रहे प्रयासों की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार बिजली सुधार को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है। गांव से लेकर शहर तक उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना, ट्रांसमिशन व्यवस्था को मजबूत करना और शिकायतों का त्वरित निस्तारण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि बिजली व्यवस्था में सुधार के लिए जमीनी स्तर पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। समीक्षा के दौरान जनपद में लाइन लॉस कम करने के लिए किए जा रहे प्रयासों और माहवार विद्युत राजस्व हानि एवं लाभ की स्थिति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि विगत वर्ष अगस्त माह की तुलना में जिला प्रशासन और विद्युत विभाग के बीच बेहतर समन्वय से की गई कार्यवाहियों के परिणामस्वरूप लाइन लॉस में 34 प्रतिशत, जबकि एटी एंड सी लॉस में 47 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। बैठक में विद्युत चोरी रोकने के लिए चलाए जा रहे अभियानों की भी जानकारी दी गई। बताया गया कि विद्युत चोरी पर प्रभावी कार्रवाई के लिए दो एसडीएम के नेतृत्व में विशेष टीमें गठित की गई हैं। ये टीमें विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर लगातार कार्रवाई कर रही हैं। बिजली चोरी के मामलों में संबंधित उपभोक्ताओं के विरुद्ध भारतीय विद्युत अधिनियम-2003 की धारा 135 के तहत प्राथमिकी दर्ज कराने और नियमानुसार जुर्माना लगाने की कार्रवाई की जा रही है।

सीईओ ने निर्देश दिए कि औद्योगिक, वाणिज्यिक और ग्रामीण क्षेत्रों में लाइन लॉस कम करने के लिए अलग-अलग प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए। खासतौर पर ऐसे फीडरों को चिह्नित करने के निर्देश दिए गए जहां लाइन लॉस अधिक है। हाई लॉस फीडरों पर विशेष निगरानी रखते हुए विद्युत चोरी के संभावित मामलों की जांच और कार्रवाई तेज करने को कहा गया।

 

अधिकारियों को अवैध कटिया डालकर बिजली चोरी करने, मीटर से छेड़छाड़ करने अथवा मीटर को बाईपास कर विद्युत का उपयोग करने वालों के खिलाफ लगातार सघन अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। इसके लिए जिला प्रशासन और विद्युत विभाग की संयुक्त प्रवर्तन टीमें लगातार अभियान संचालित करेंगी।

 

बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि विद्युत चोरी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। चोरी के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। विद्युत विभाग की ओर से उपभोक्ताओं से अपील की गई कि वे बिजली का इस्तेमाल केवल वैध कनेक्शन के माध्यम से और नियमानुसार करें। बैठक में मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप, जिलाधिकारी मनीष बंसल, मुख्य अभियंता विद्युत कपिल सिंधवानी सहित विद्युत विभाग एवं जिला प्रशासन के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *