तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ मोहम्मद सुमेर
आगरा। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने आटा एवं मैदा उत्पादों की गुणवत्ता और शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए जनपद में विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया। अभियान के दौरान विभिन्न आटा निर्माण एवं विक्रय प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया गया, जिसमें 07 विधिक नमूने संग्रहित किए गए और एक प्रतिष्ठान से 1,498 किलोग्राम गेहूं का आटा अभिग्रहित किया गया। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश तथा जिलाधिकारी आगरा के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान के दौरान मै० श्याम भोग एंटरप्राइजेज, बसई खुर्द, इरादत नगर से “श्याम भोग” ब्रांड गेहूं के आटे का विधिक नमूना लिया गया। साथ ही प्रतिष्ठान पर उपलब्ध 1,498 किलोग्राम गेहूं का आटा, जिसकी अनुमानित कीमत 42,693 रुपये है, को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत नियमानुसार अभिग्रहित किया गया।

इसके अलावा मै० गोविन्द प्रसाद एंड ब्रदर्स (फतेहपुर सीकरी), मै० विद्या फूड प्रोडक्ट्स (भागूपुर, एत्मादपुर), मै० दुर्गा फूड प्रोडक्ट्स (उस्मानपुर), मै० अग्रवाल आटा चक्की (बोदला) तथा मै० अग्रवाल फूड इंडस्ट्रीज (पीर कल्याणी, घटिया आज़म खां) से भी आटा एवं मैदा के कुल 07 विधिक नमूने संग्रहित किए गए। खाद्य विभाग के अनुसार सभी नमूनों को परीक्षण के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि किसी नमूने में मानकों का उल्लंघन पाया जाता है, तो खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी। सहायक आयुक्त (खाद्य)-II महेंद्र ने बताया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जनपद में इस प्रकार के विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।





