तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ राजकुमार मीना
मथुरा। रक्षाबंधन से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1200 किलोग्राम संदिग्ध मिलावटी पनीर की खेप पकड़ी है। जब्त पनीर की अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपये बताई जा रही है। जांच के बाद खाद्य विभाग की टीम ने पूरी खेप को नष्ट करा दिया। खाद्य सुरक्षा विभाग को कोसीकलां क्षेत्र में मिलावटी पनीर की सप्लाई किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर विभागीय टीम ने कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और एक संदिग्ध वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली।वाहन की जांच के दौरान उसमें बड़ी मात्रा में पनीर बरामद हुआ। खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच में पनीर गुणवत्ता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया, जिसके बाद अधिकारियों ने पूरी खेप को जब्त कर नष्ट करा दिया।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पनीर की यह खेप राजस्थान से मथुरा लाई जा रही थी। आशंका है कि रक्षाबंधन के त्योहार के दौरान इसे बाजार में खपाने की तैयारी थी। हालांकि पूरे मामले में विभागीय जांच के बाद ही स्थिति और स्पष्ट होगी। त्योहार से पहले खाद्य विभाग की इस कार्रवाई से मिलावटखोरों में हड़कंप मच गया है। विभाग द्वारा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है, ताकि त्योहार के दौरान लोगों तक सुरक्षित और मानकों के अनुरूप खाद्य सामग्री पहुंच सके।





