तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ जाहिद सलमानी
आगरा। जिलाधिकारी मनीष बंसल के निर्देशन में जनपद में विद्युत चोरी रोकने और लाइन लॉस कम करने के लिए चलाए जा रहे विशेष सघन चेकिंग अभियान के तहत फतेहाबाद टाउन में विद्युत विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई की। हाई पोटेंशियल लॉस (HPL) क्षेत्रों में चलाए गए प्रातःकालीन चेकिंग अभियान के दौरान 11 उपभोक्ता मीटर को बाईपास कर विद्युत चोरी करते हुए पाए गए। अभियान के दौरान विद्युत विभाग की टीमों ने विभिन्न परिसरों में विद्युत आपूर्ति और मीटरों की जांच की। जांच में मीटर से छेड़छाड़ और बाईपास कर बिजली चोरी किए जाने के मामले सामने आए। सभी संबंधित उपभोक्ताओं के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए विद्युत चोरी निरोधक थाना, कमला नगर, आगरा में प्राथमिकी दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जिला प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि अवैध कटिया डालकर, मीटर से छेड़छाड़ अथवा मीटर को बाईपास कर बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। बिजली चोरी के मामलों में विद्युत अधिनियम-2003 की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर के साथ भारी जुर्माना भी लगाया जा सकता है। जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला प्रशासन और विद्युत निगम की संयुक्त प्रवर्तन टीमों का गठन किया गया है। तकनीकी टीमें अधिक लाइन लॉस वाले क्षेत्रों और फीडरों को चिन्हित कर औचक निरीक्षण करेंगी। बिजली चोरी पकड़े जाने पर तत्काल कनेक्शन काटने के साथ संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा बड़े बकायेदारों और विभिन्न माध्यमों से विद्युत चोरी करने वालों पर भी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने नागरिकों से बिजली चोरी की सटीक सूचना देने की अपील की है। सूचना देने वाले नागरिकों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी तथा उन्हें प्रोत्साहन राशि/इनाम देने का भी प्रावधान किया गया है। विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे बिजली का इस्तेमाल केवल वैध कनेक्शन और नियमानुसार करें। विभाग ने चेतावनी दी है कि विद्युत चोरी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अभियान लगातार जारी रहेगा। चेकिंग अभियान में गौरव राजपूत, उपखंड अधिकारी फतेहाबाद, दीपक कुमार अवर अभियंता फतेहाबाद, अवर अभियंता रमेश बाबू सहित विद्युत विभाग की टीम मौजूद रही।





