सूरसदन में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का सम्मान

City/ STATE'S Cover Story आगरा उत्तर प्रदेश जिलाधिकारी बीजेपी भाजपा भारतीय जनता पार्टी स्थानीय समाचार

तहकीकात TODAY 

रिपोर्ट — मोनिश उद्दीन 

आगरा। सूरसदन प्रेक्षागृह में मंगलवार को आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। अयोध्या में आयोजित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम का सूरसदन में सजीव प्रसारण देखा और सुना गया। कार्यक्रम के दौरान नवचयनित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए, जबकि विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, लैपटॉप, पोषण पोटली और सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, विधायक डॉ. जीएस धर्मेश, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया और जिलाधिकारी मनीष बंसल की मौजूदगी रही। अयोध्या से मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के सजीव प्रसारण के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं की भूमिका और महिला एवं बाल कल्याण से जुड़ी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण, प्रारंभिक बाल शिक्षा तथा महिला एवं बाल कल्याण की योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में आंगनबाड़ी केंद्रों की महत्वपूर्ण भूमिका है। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां सरकार की योजनाओं को पात्र परिवारों तक पहुंचाने के साथ-साथ बच्चों और महिलाओं के स्वास्थ्य एवं पोषण की दिशा में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा रही हैं।

 

सैम से सामान्य श्रेणी में आए बच्चों के अभिभावकों का सम्मान

सूरसदन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कुपोषण की गंभीर श्रेणी सैम से सामान्य श्रेणी में सुधार करने वाले पांच बच्चों के अभिभावकों को पोषण पोटली देकर सम्मानित किया गया। यह सम्मान बच्चों के पोषण स्तर में सुधार और उनके स्वास्थ्य की बेहतर स्थिति को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से दिया गया।

पांच आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को प्रशस्ति पत्र

जनपद में उत्कृष्ट कार्य करने वाली पांच आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इनमें किरन, कुसुम शर्मा, ऋचा अग्रवाल, भावना सक्सेना और सुधा यादव शामिल रहीं। अधिकारियों ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए अन्य कार्यकत्रियों से भी इसी तरह निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

नवचयनित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र

कार्यक्रम में जनपद की नवचयनित पांच आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने नवनियुक्त कार्यकत्रियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ करें।

आठ बच्चों को बांटे गए लैपटॉप

मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना कोविड-19 के अंतर्गत जनपद के आठ लाभार्थी बच्चों को लैपटॉप प्रदान किए गए। लैपटॉप पाने वाले बच्चों में डॉली बैजल, अर्थव उपाध्याय, सक्षम चौधरी, लक्ष्य अग्रवाल, धनंजय, पलक बंसल, सार्थक मिश्रा और नव्या मिश्रा शामिल रहे। वहीं मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना सामान्य के दो लाभार्थियों अदिति वर्मा और स्नेहा को स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए।

कन्या सुमंगला योजना के लाभार्थियों को भी मिली सौगात

कार्यक्रम में कन्या सुमंगला योजना के दो लाभार्थियों को भी स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। अधिकारियों ने कहा कि बालिकाओं के बेहतर भविष्य, शिक्षा और उनके सशक्तिकरण के लिए सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाया जा रहा है।

10 मेधावी छात्राओं का सम्मान

बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 10 मेधावी छात्राओं को सम्मान पत्र एवं डमी चेक प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मानित छात्राओं में मुस्कान, विग्देश, महिमा वर्मा, अंतरिका राजपूत, आराध्या वर्मा, सपना, राधिका, खुशी जैन, अंजली और याशिका शामिल रहीं। कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने कहा कि बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देना समाज और देश के विकास के लिए बेहद जरूरी है। सरकार की योजनाओं के माध्यम से बालिकाओं को शिक्षा के साथ आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और सहायिकाएं सरकार और आम जनता के बीच महत्वपूर्ण कड़ी का काम करती हैं। पोषण, स्वास्थ्य, प्रारंभिक शिक्षा तथा महिला एवं बाल कल्याण से जुड़ी योजनाओं को पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने में उनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी मनोज मौर्या, जिला परिवीक्षा अधिकारी अतुल सोनी, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग तथा महिला कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं सहायिकाएं, लाभार्थी और अन्य संबंधित लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *