तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ मोहम्मद सुमेर
आगरा। जिलाधिकारी मनीष बंसल के नेतृत्व में जिला प्रशासन ने जनपद की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, धार्मिक और प्राकृतिक धरोहरों को नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से “मेरी नज़र से आगरा” ऑनलाइन फ़ोटोग्राफी प्रतियोगिता का शुभारंभ किया है। इस प्रतियोगिता के माध्यम से आम नागरिकों, विद्यार्थियों और शौकिया एवं पेशेवर फोटोग्राफरों को अपनी नजर और अपने कैमरे से आगरा की खूबसूरती दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।

प्रतियोगिता में प्रतिभागी आगरा नगर से लेकर फ़तेहपुर सीकरी, सिकंदरा, बाह-बटेश्वर और चंबल क्षेत्र तक के ऐतिहासिक स्मारकों, संस्कृति, जनजीवन, पर्व-त्योहार, हस्तशिल्प, प्राकृतिक सौंदर्य और धार्मिक स्थलों की मौलिक तस्वीरें भेज सकते हैं। प्रत्येक फोटो के साथ अधिकतम 30 शब्दों का कैप्शन, प्रतिभागी का नाम, पता और मोबाइल नंबर देना अनिवार्य होगा। जिला प्रशासन के अनुसार सभी प्रविष्टियां 20 जुलाई 2026 तक upinfoagra01@gmail.com पर ई-मेल के माध्यम से भेजी जा सकती हैं। चयनित सर्वश्रेष्ठ छायाचित्रों को जिलाधिकारी द्वारा प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए जाएंगे तथा उन्हें छायाकार के नाम सहित जनपद की आधिकारिक वेबसाइट agra.nic.in पर प्रदर्शित किया जाएगा। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने कहा कि “आगरा केवल ताजमहल ही नहीं, बल्कि जीवंत संस्कृति, शिल्प और परंपराओं का नगर है। यह प्रतियोगिता नागरिकों को अपने शहर को अपनी दृष्टि से दिखाने का सुनहरा अवसर देगी।” उन्होंने सभी नागरिकों, विद्यार्थियों और छायाकारों से इस जनभागीदारी अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है।





