तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ जाहिद सलमानी
आगरा। आगरा मंडल में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने ‘ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते’ के तहत मई से जून 2026 के दौरान सराहनीय कार्य करते हुए 28 पीड़ित बच्चों को सुरक्षित बचाया। बचाए गए बच्चों में 15 लड़के और 13 लड़कियां शामिल हैं, जिन्हें लापता, अपहृत, मानसिक रूप से विक्षिप्त अथवा बेघर अवस्था में रेलवे परिसर से सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल के निर्देशन एवं वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त पी. राज मोहन के मार्गदर्शन में आरपीएफ लगातार इस विशेष अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित कर रही है। ‘ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते’ भारतीय रेलवे का एक महत्वपूर्ण मिशन है, जिसका उद्देश्य संकट में फंसे बच्चों को सुरक्षित बचाकर उन्हें उनके परिजनों या संबंधित संस्थाओं तक पहुंचाना है। आरपीएफ अधिकारियों के अनुसार, यह अभियान केवल बच्चों के रेस्क्यू तक सीमित नहीं है, बल्कि घर से भागे, लापता और असहाय बच्चों के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने का भी महत्वपूर्ण माध्यम बन रहा है। अभियान के तहत बचाए गए सभी बच्चों का विवरण ‘ट्रैक चाइल्ड पोर्टल’ पर दर्ज किया जाता है, जिससे उनकी पहचान और पुनर्वास की प्रक्रिया को प्रभावी बनाया जा सके। रेलवे सुरक्षा बल का कहना है कि भारतीय रेलवे के विशाल नेटवर्क में बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा और भविष्य में भी हर चुनौती का सामना करते हुए जरूरतमंद बच्चों की मदद की जाएगी।





