तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ इस्लाम अब्बास
आगरा। आगामी नवंबर माह में प्रस्तावित सामाजिक समरसता महासम्मेलन की तैयारियों को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार के होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा (स्वतंत्र प्रभार) मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने शनिवार को आगरा स्थित सर्किट हाउस में समीक्षा बैठक की। बैठक में आगरा जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए स्वजातीय बंधुओं के साथ कार्यक्रम की रूपरेखा को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने प्रस्तावित महासम्मेलन को भव्य और सफल बनाने के लिए उपस्थित लोगों से सुझाव लिए। बैठक में महासम्मेलन के आयोजन स्थल, समय और आवश्यक व्यवस्थाओं सहित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। बैठक में प्राप्त सुझावों पर सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि दीपावली के बाद आगरा में भव्य सामाजिक समरसता महासम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। उपस्थित सभी लोगों ने इस निर्णय पर सहमति जताते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अभी से तैयारियों में जुटने का संकल्प लिया। स्वजातीय बंधुओं ने मंत्री धर्मवीर प्रजापति को आश्वस्त किया कि महासम्मेलन के लिए व्यापक संपर्क अभियान चलाया जाएगा और अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए पूरे मनोयोग से कार्य किया जाएगा। महत्वपूर्ण बैठक में आगरा जनपद की विभिन्न तहसीलों आगरा सदर, एत्मादपुर, खेरागढ़, किरावली, फतेहाबाद और बाह सहित अन्य क्षेत्रों से बड़ी संख्या में स्वजातीय बंधु मौजूद रहे। बैठक में महासम्मेलन को सामाजिक एकता और समरसता के संदेश के साथ व्यापक स्तर पर आयोजित करने को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।





