तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ मोनिस उद्दीन
आगरा। एत्मादपुर थाना क्षेत्र के मितावली गांव में सोमवार को बच्चा चोरी के शक में एक युवक की ग्रामीणों ने जमकर पिटाई कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा। घटना के बाद गांव में कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एक महिला और युवक के बीच पैसे के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी दौरान युवक द्वारा महिला की बच्ची का हाथ पकड़ने पर महिला ने शोर मचा दिया। इसके बाद आसपास के लोगों ने बच्चा चोरी का शक जताते हुए युवक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची एत्मादपुर थाना पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और घायल युवक को इलाज के लिए भेज दिया।

पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला पैसे के लेन-देन के विवाद का प्रतीत हो रहा है। पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अफवाह पर विश्वास न करें और कानून अपने हाथ में लेने के बजाय किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।





