तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ राजकुमार मीना
मथुरा। मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ के जवान ने अपनी सतर्कता, साहस और त्वरित निर्णय क्षमता का परिचय देते हुए चलती ट्रेन से गिरते यात्री की जान बचा ली। ‘ऑपरेशन जीवन रक्षा’ के तहत की गई इस कार्रवाई से बड़ा हादसा होने से टल गया। घटना 31 अगस्त 2026 की है। गाड़ी संख्या 14726 मथुरा–भिवानी पैसेंजर मथुरा जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर-4 से अपने गंतव्य के लिए रवाना हुई थी। ट्रेन को सुरक्षित रूप से पास कराने के लिए एसीपी रोकथाम ड्यूटी पर आरपीएफ स्टाफ तैनात था। इसी दौरान ट्रेन के पीछे स्थित जनरल कोच में एक यात्री ने चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास किया। ट्रेन की रफ्तार बढ़ते ही यात्री अपना संतुलन खो बैठा और गिरते हुए ट्रेन के गेट से लटक गया। यात्री को इस तरह लटकता देखकर मौके पर मौजूद आरपीएफ जवान तत्काल हरकत में आए। एसीपी रोकथाम ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ कांस्टेबल हरकेश मीना ने बिना समय गंवाए यात्री को पकड़ लिया और अपनी पूरी ताकत लगाकर उसे चलती ट्रेन से सुरक्षित दूरी की ओर खींच लिया। जवान की त्वरित कार्रवाई के चलते यात्री की जान बच गई और उसे कोई चोट नहीं आई।घटना के बाद आरपीएफ जवानों ने यात्री से प्राथमिक उपचार की आवश्यकता के बारे में पूछा, लेकिन यात्री ने उपचार लेने से इनकार कर दिया। हादसे से यात्री काफी भयभीत था और तत्काल अपना नाम-पता बताने की स्थिति में नहीं था। इसके बाद आरपीएफ ने यात्री को सुरक्षित रूप से ट्रेन में बैठाया और उसे उसके गंतव्य की ओर रवाना कर दिया।कांस्टेबल हरकेश मीना की अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा, सतर्कता और त्वरित निर्णय क्षमता के चलते एक यात्री का अमूल्य जीवन बच सका। मौके पर मौजूद यात्रियों ने भी आरपीएफ जवान के साहसिक और सराहनीय कार्य की जमकर प्रशंसा की। रेलवे की ओर से यात्रियों से अपील की गई है कि चलती ट्रेन में कभी भी चढ़ने या उतरने का प्रयास न करें। थोड़ी सी लापरवाही जीवन के लिए बेहद खतरनाक साबित हो सकती है। यात्रियों को हमेशा ट्रेन के पूरी तरह रुकने के बाद ही चढ़ना या उतरना चाहिए।





