तहकीकात TODAY
रिपोर्ट — इस्लाम अब्बास
आगरा। शहर में बढ़ते यातायात दबाव और सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में मंगलवार को कैंप कार्यालय पर सुगम यातायात व्यवस्था एवं ट्रैफिक प्रबंधन को लेकर महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ ऑटो और ई-रिक्शा के संचालन को व्यवस्थित करने के प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में ऑटो एवं ई-रिक्शा के लिए जोनिंग सिस्टम लागू करने के प्रस्ताव पर विचार किया गया। इसके तहत शहर को अलग-अलग जोन में विभाजित कर ऑटो और ई-रिक्शा के लिए निर्धारित रूट तय किए जाने की योजना पर अधिकारियों से जानकारी ली गई। जिलाधिकारी ने विभिन्न मार्गों पर वर्तमान यातायात व्यवस्था और ऑटो-ई-रिक्शा के आवागमन की स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इसके साथ ही प्रमुख मार्गों पर ऑटो और ई-रिक्शा को मेट्रो फीडर रूट के रूप में संचालित करने पर भी विचार किया गया। इसका उद्देश्य मेट्रो स्टेशनों तक यात्रियों की सुगम पहुंच सुनिश्चित करना और मेट्रो सहित अन्य सार्वजनिक परिवहन साधनों के बीच बेहतर कनेक्टिविटी विकसित करना है। बैठक में सड़क सुरक्षा को लेकर भी अहम चर्चा हुई। ऑटो एवं ई-रिक्शा में यात्रियों के दाईं ओर से चढ़ने और उतरने पर रोक लगाने के प्रस्ताव पर विचार किया गया। अधिकारियों से इस व्यवस्था के तकनीकी एवं व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी लेते हुए जिलाधिकारी ने यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रस्तावित व्यवस्थाओं को लागू करने से पहले उनका तकनीकी और व्यावहारिक परीक्षण किया जाए। संबंधित विभाग आपसी समन्वय से विस्तृत कार्ययोजना तैयार करें, जिससे शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु हो सके और सड़क हादसों की रोकथाम में भी मदद मिले। बैठक में अपर जिलाधिकारी (नगर) यमुनाधर चौहान, अपर नगरायुक्त शिशिर कुमार, एडीसीपी ट्रैफिक अलका सिंह, एआरएम रोडवेज बीपी अग्रवाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। जिला सूचना कार्यालय, आगरा द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, बैठक का मुख्य उद्देश्य शहर में यातायात प्रबंधन को अधिक व्यवस्थित बनाना और सार्वजनिक परिवहन के विभिन्न साधनों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना रहा।





